गोरखपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की स्वगणना आज से शुरू हो गई है। 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम (एफआर) जय प्रकाश ने बताया कि भारत सरकार का पोर्टल se.census.gov.in स्वगणना के लिए उपलब्ध है। इस पर सबसे पहले उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। सत्यापन के बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर गणनाकर्मी विवरण जुटाएंगे। घर के मुखिया ही परिवार के सभी सदस्यों का ब्योरा भरेंगे।
एसईआईडी को सुरक्षित रखें
स्वगणना के तहत प्रपत्र भरकर जमा करने पर एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या (एसईआईडी) मिलेगी। इस एसईआईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी बतानी होगी। वे इसे सत्यापित करेंगे, जिससे प्रक्रिया पूरी होगी। यदि प्रपत्र नहीं भरा होगा, तो जनगणना कर्मी उसी समय प्रपत्र भरवाकर प्रक्रिया पूरी कराएंगे।
ऐसे करें स्वगणना
सबसे पहले se.census.gov.in वेबसाइट खोलें। राज्य के विकल्प में उत्तर प्रदेश चुनें और परिवार के मुखिया का नाम तथा मोबाइल नंबर दर्ज करें। मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करें, फिर अपनी पसंद की भाषा चुनें। घर का पता और डिजिटल नक्शे पर स्थान दर्ज करें। परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब भरकर जानकारियों की जांच करें और प्रपत्र जमा करें।