छात्र-छात्राएं दिखाएंगी प्रतिभा
मां तुझे प्रणाम की कड़ी में ही 13 और 14 अगस्त को डांस कंप्टीशन कराया जाएगा। नगर निगम के नए भवन हॉल में 17 विद्यालयों की टीमें ग्रुप डांस करेंगी। पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाली टीमों को प्रतीक चिह्न भेंट करके सम्मानित किया जाएगा। डांस कंप्टीशन की थीम देशभक्ति ही रहेगी।
इस स्कूलों के होनहार लेंगे हिस्सा
आरपीएम एकेडमी, एचपी चिल्ड्रेंस एकेडमी, एकेडमिक ग्लोबल स्कूल, जीडी गोयनका, सेंट्रल एकेडमी, केंद्रीय विद्यालय नंबर एक एयरफोर्स, आर्मी पब्लिक स्कूल, नवल्स नेशनल एकेडमी, सरमाउंट इंटरनेशनल स्कूल, एसएस एकेडमी, गोरखपुर पब्लिक स्कूल, एडी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जेपी एजूकेशन एकेडमी, आत्मदीप एकेडमी, सरस्वती बालिका विद्यालय, स्टेपिंग स्टोन और सेंट्रल हिंदू स्कूल
बाइक रैली भी निकलेगी
देशभक्ति को प्रदर्शित करती बाइक रैली 14 अगस्त को गोरखपुर विश्वविद्यालय गेट से निकाली जाएगी। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संगठनों का खास सहयोग रहेगा। बाइक रैली शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जाएगी।
सामूहिक राष्ट्रगान करें
15 अगस्त को सुबह नौ बजे सामूहिक राष्ट्रगान होगा। नगर निगम, पुलिस व प्रशासन के सहयोग से 21 तिराहा व चौराहों पर यातायात व्यवस्था 52 सेकेंड तक रोकी जाएगी। शहरवासी अपने-अपने वाहनों को खड़ा करके सामूहिक राष्ट्रगान करेंगे। एसपी ट्रैफिक डॉ एमपी सिंह तैयारियों में जुटे हैं। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने पहल की सराहना की है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह का कहना है कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है।
घर-घर तिरंगा फहराने का अभियान चल रहा है। मां तुझे प्रणाम की कड़ी में चौराहों पर राष्ट्रगान की व्यवस्था की जा रही है। सामूहिक राष्ट्रगान व उससे जुड़ी व्यवस्था को इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) से जोड़ा जा रहा है। यदि राष्ट्रगान के बीच कोई एंबुलेंस मरीज लेकर आई तो उसे तत्काल पास दिया जाएगा। ऐसी व्यवस्था की जा रही है।
यहां करें राष्ट्रगान
मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट तिराहा, अग्रसेन तिराहा, बरगदवां तिराहा, खजांची चौक, पादरी बाजार, यूनिवर्सिटी चौराहा, आंबेडकर चौराहा, छात्रसंघ चौराहा, शास्त्री चौक, यातायात तिराहा, असुरन चौक, काली मंदिर तिराहा, गोलघर, कचहरी चौराहा, बेतियाहाता चौराहा, ट्रांसपोर्टनगर चौराहा, नौसड़ तिराहा, रुस्तमपुर चौराहा, पैडलेगंज, अमर उजाला तिराहा।
भव्य रैली निकलेगी, सामूहिक राष्ट्रगान भी होगा
देशभक्ति पर आधारित भव्य रैली 15 अगस्त को निकलेगी। पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से निकाली जाने वाली रैली में स्कूल, कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी हिस्सा लेंगे। एनसीसी कैडेट्स प्रतिभाग करेंगे। रैली निकालने से पहले सामूहिक राष्ट्रगान होगा। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक संगठनों का विशेष सहयोग रहेगा।
शहर के व्यापारी करेंगे मां तुझे प्रणाम रैली का स्वागत
अमर उजाला मां तुझे प्रणाम रैली का शहर के व्यापारी जोरदार अंदाज में स्वागत करेंगे। सामूहिक राष्ट्रगान में भी हिस्सा लेंगे। इसकी सहमति अलग-अलग व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों ने दी है।
अमर उजाला सिटी कार्यालय में मंगलवार को गोलघर व्यापार मंडल और पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें 15 अगस्त को गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर से निकलने वाली मां तुझे प्रणाम रैली व सामूहिक राष्ट्रगान को ऐतिहासिक बनाने पर चर्चा की गई।
गोलघर व्यापार मंडल के अध्यक्ष अभिषेक शाही ने ने कहा कि देशभक्ति से जुड़ी मुहिम को सफल बनाना है। हर प्रतिष्ठान व घर पर तिरंगा लगाना है। व्यापारी नेता गौरी शंकर सरावगी, संजय जालान व विशाल मंझानी ने कहा कि मां तुझे प्रणाम रैली देशभक्ति की भावना पैदा करती है। इससे शहर के बच्चे, किशोर, युवा, वृद्ध और महिलाएं जुड़ती हैं।
पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता और संजय कुमार वैश्य ने कहा कि इस बार आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। ऐसे में अमर उजाला की रैली का महत्व बढ़ गया है। हर वर्ष निकलने वाली इस रैली का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।