केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से कंपार्टमेंट परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए 22-28 सितंबर तक परीक्षा का आयोजन शहर के सात केंद्रों पर होगा। परीक्षा में 2500 विद्यार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग के बीच परीक्षा का आयोजन होगा। विद्यार्थी केंद्र के भीतर पारदर्शी पानी की बोतल, मॉस्क, सैनिटाइजर के साथ एडमिट और पेन लेकर जा सकेंगे।
सीबीएसई के जिला समन्वयक अजीत दीक्षित ने बताया कि परीक्षा को लेकर शासन की ओर से जारी गाइडलाइंस का शतप्रतिशत पालन होगा। हर विद्यार्थी को केंद्र पर एक घंटा पहले बुलाया गया है। विद्यार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र सीबीएसई की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
कोरोना संकट की वजह से दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को मार्च में स्थगित कर दिया गया था। बाद में परीक्षाओं के आयोजन की तैयारी थी, मगर कोरोना की बढ़ती संख्या को देखते हुए दोबारा पेपर के फैसले को स्थगित करते हुए औसत नंबरों के आधार पर परिणाम घोषित कर दिया गया।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
नवल्स एकेडमी राप्तीनगर, सरमाउंट इंटरनेशनल स्कूल, आर्मी पब्लिक स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर सुभाष चंद्र बोस नगर, रैम्पस पब्लिक स्कूल, एयरफोर्स स्थित केंद्रीय विद्यालय एक और एफसीआई स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर दो।