सोने के लॉकेट के लिए तो नहीं की गई सनी की हत्या
सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के बर्डपुर नंबर पांच परसा बेलहरी गांव में सनी की हत्या के पीछे सोने के लॉकेट को भी वजह माना जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सनी के गले में सोने का लॉकेट था। साथ ही कमर में चांदी का आभूषण भी पहना था, लेकिन जब लाश मिली तो दोनों आभूषण गायब थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आभूषण के लिए बच्चे की हत्या की गई होगी।
वहीं, गांव के ही कुछ लोगों का यह भी कहना कि दोपहर दो से तीन बजे के बीच युवती गांव से दो किलोमीटर दूर चौराहे पर गई थी। आशंका है वहां उसने बच्चे के आभूषण बेचे होंगे। हालांकि, पुलिस ने इस बारे में कुछ भी जानकारी होने से इन्कार कर दिया।
ढाई वर्षीय आर्यन ने खोला हत्या का राज
गांव के लोगों के मुताबिक, परिवार के लोग जब ढूंढकर परेशान हो गए तो इस बात का पता लगाने लगे कि सनी किसके साथ खेलने गया था। इस बीच पुलिस भी गांव में पहुंच गई। जब पुलिस ने सनी के साथ खेलने गए आर्यन से बात की तो उसने न सिर्फ ज्योति के घर खेलने जाने की बात बताई, बल्कि हाथ पकड़कर ज्योति के घर तक लेकर गया। वहां पुलिस को सफलता मिली।
साहब बक्सा या डेहरी में रखा होगा शव
बच्चे के बताने के बाद पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी ली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस लौट आई और दूसरी तरफ तलाश करना चाह रही थी। इसी बीच किसी ने कहा कि साहब! बच्चे को आरोपी के घर के बाहर देखा ही नहीं गया तो गया कहां? हो सकता है बक्सा अथवा डेहरी में शव को रखा गया हो। दोबारा पुलिस गई तो बड़े बक्से के ऊपर बक्सा रखा था। उसे हटवाया और ताला खुलवाया तो बोरे में शव मिला। सनी का गला दुपट्टे से कसा गया था।