नगर पंचायत मुंडेरा बाजार का मामला, कमरे में बंद कर पिटाई, लूटपाट का भी आरोप
सरदारनगर (गोरखपुर)। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मुंडेरा बाजार के वार्ड नंबर-11 निवासी सर्राफा व्यवसायी एवं विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष अमित वर्मा पर मंगलवार देर रात कथित रूप से आधा दर्जन से अधिक लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अमित वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश को लेकर नगर पंचायत के कुछ दबंग युवक उन्हें जबरन खींचकर एक कमरे में ले गए और बंद कर दिया। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की नीयत से हमला किया। तहरीर के अनुसार, हमलावरों ने उनकी सोने का चेन, मोबाइल फोन और जेब में रखी नकदी भी छीन ली।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गला दबाकर हत्या की कोशिश की। उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर उन्हें मृत समझकर मौके से भाग गए। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है।