गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजाने से मना करना संचालक को भारी पड़ गया। मनबढ़ युवकों ने पहले समारोह के दौरान उसकी पिटाई की और अगले ही दिन रास्ते रोककर दोबारा मारपीट की। पुलिस ने मंझरिया गांव के जाबारी टोला निवासी रमेश की तहरीर पर आरोपी आशीष, शैलेश, कोइल, हनुमान, हिमांशु यादव और शिवा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 21 अप्रैल को गांव के ही देवेंद्र के घर आयोजित एक कार्यक्रम में डीजे बजाने गया था। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों ने उससे आपत्तिजनक गाना बजाने की मांग की। जब उसने मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं हमलावरों ने उसकी गाड़ी को रोककर डीजे का सामान भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हुआ और रमेश वहां से निकल सका।
घटना के अगले दिन 22 अप्रैल की सुबह रमेश जसवल बाजार स्थित सब्जी मंडी के पास गया था। आरोप है कि वहीं आशीष, शैलेश, कोइल, हनुमान, हिमांशु यादव और शिवा एकजुट होकर पहुंचे और फिर से उसके साथ मारपीट की। थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।