- चौरीचौरा थाना क्षेत्र का मामला, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
चौरीचौरा। थाना क्षेत्र में रेलवे में ग्रुप-डी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक महिला से 3.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कमलेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना चौरीचौरा क्षेत्र के ग्राम महुअवा बुजुर्ग निवासी सुमन ने बताया कि उनके परिचित कमलेश कुमार निवासी जंगल तुलसीराम, थाना शाहपुर ने रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने नौकरी दिलाने के एवज में 3.20 लाख रुपये की मांग की। पीड़िता के मुताबिक, चार अक्तूबर 2022 से 17 जनवरी 2023 के बीच उन्होंने अपने पति भजुराम के मोबाइल नंबर से 1.80 लाख रुपये फोन पे के माध्यम से आरोपी को भेजे। 1.40 लाख रुपये नकद दिए। नकद राशि उनके पिता अनिरुद्ध प्रसाद की मौजूदगी में दी गई थी। लंबे समय तक नौकरी न मिलने पर जब पीड़िता ने रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोप है कि 23 नवंबर 2025 को आरोपी उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए रुपये देने से साफ इन्कार कर दिया। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि मामले में पीड़िता की तहरीर पर धोखाधड़ी, गाली-गलौज और धमकी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।