चौरीचौरा थाना क्षेत्र के चौरा गांव में शनिवार को युवक ने चाकू से अपना गला रेत लिया और गले पर गमछा लपेट कर थाने पहुंच गया। पुलिस ने पूछा तो गमछा हटाकर दिखाया तो युवक की हालत देखकर थाने में हड़कंप मच गया। उसे तत्काल पुलिसकर्मियों ने अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ ने घर पहुंचकर कमरे की तलाशी ली तो उसके कमरे में खून से सना चाकू मिला। बिस्तर पर खून के निशान मिले जिसके बाद उसके आत्मघाती कोशिश की जानकारी हुई। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे चौरा गांव निवासी लालू (28) गले में गमछा लपेटे हुए चौरीचौरा थाने पहुंचा।
उसके गले से खून निकल रहा था और वह गंभीर रूप से घायल था। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके परिजन को सूचना दी और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरी चौरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शहर के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा ने युवक के घर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान प्रथम तल पर स्थित उसके कमरे में बिस्तर पर खून के निशान मिले। वहीं बेड के पास एक चाकू भी बरामद हुआ। इससे उसके आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई।
मां को नहीं हो सकी जानकारी, पुलिस दर्ज करेगी युवक का बयान
युवक की मां श्रीजावती ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शराब का आदी था। पिछले दस दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसका इलाज चौरीचौरा कस्बे के एक चिकित्सक से कराया जा रहा था। शनिवार सुबह करीब 9:10 बजे वह दवा लेने के बाद घर आया, भोजन किया और अपने कमरे में जाकर आराम करने लगा।
इसके बाद उसने कब और कैसे अपने गले पर चोट पहुंचाई, इसकी जानकारी परिवार को नहीं हो सकी। एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामला आत्मघाती कोशिश का प्रतीत हो रहा है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। युवक के ठीक होने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।