बेलीपार थाना क्षेत्र में पत्नी से अवैध संबंध के शक में बृहस्पतिवार देर रात बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी। गोली उसके गले में जा धंसी। परिजनों ने गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस बरामद कर लिया है। पुलिस असलहे का स्रोत पता करने में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी के संबंध उसके छोटे भाई से है। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था।
बृहस्पतिवार देर रात विवाद बढ़ा और आरोपी ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली छोटे भाई के गले में लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 और बेलीपार पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में एक पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अवैध हथियार आरोपी तक कैसे पहुंचा। पुलिस इस मामले में दो अन्य युवकों से भी पूछताछ कर रही है। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह और देवर घर के बाहर मिट्टी फेंक रहे थे, तभी पति वहां आए और बिना कुछ कहे पिस्टल से फायर कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। दोपहर बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। बेलीपार थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
तीन माह पहले मंदिर में हुई थी शादी
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी ने गांव की ही बिरादरी की युवती को भगाकर शादी की थी। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से करीब तीन महीने पहले कौड़ीराम स्थित बगहा वीर बाबा मंदिर में विवाह कराया गया था। परिवार में दो भाई और एक बहन हैं।