नगर निगम के नौसड़ वार्ड का नाम बदलने से नाराज एक युवक ने सोशल मीडिया पर सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इतना ही नहीं उसने कई व्हाट्सएप ग्रुपों में भी इसे शेयर किया। आरोपी भोला यादव के खिलाफ गीडा थाना में केस दर्ज किया गया। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगी है।
जानकारी के मुताबिक, बेलीपार थाना क्षेत्र के जंगल रानी सुहास कुंवरी निवासी शुभांकर यादव ने गीडा थाने में दी तहरीर में लिखा है कि शासन के आदेश पर नगर निगम ने अपने क्षेत्र में आने वाले वार्डों के नामों में बदलाव किया है। इसके तहत नौसड़ वार्ड का नाम बदल कर मत्स्येंद्र नगर कर दिया गया है।
नाम बदलने के बाद आरोपी युवक ने सोशल मीडिया पर सीएम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। साथ ही उसको अनेक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शेयर भी किया है। युवक के इस कृत्य से लोगों में भी काफी गुस्सा है और एक कार्यकर्ता के रूप में भावना आहत हुई है। प्रभारी निरीक्षक गीडा राहुल कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी भोला यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।