कसया ब्लॉक प्रमुख के पति सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज
- शराब में जहर देकर अधेड़ की हत्या करने का है आरोप
- बिसरा रिपोर्ट आने के बाद पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया (कुशीनगर)। नगर पालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर-14 वीर सावरकर नगर (सबया) निवासी राजेंद्र कुशवाहा (55) की मौत के मामले में पुलिस ने कसया ब्लॉक प्रमुख के पति मनदीप यादव सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। मामले में राजेंद्र के बेटे ने सोनू कुशवाहा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
सोनू कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि एक अक्तूबर को उनके पिता राजेंद्र कुशवाहा को कुछ लोग घर से बुलाकर ले गए। तीन अक्तूबर-2022 को ग्राम भैंसहा के हिरन्नापुर टोला निवासी मनदीप पुत्र राम आधार ने उनके पिता को शराब पिलाकर जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा लिया।
सूचना देने पर पुलिस ने उनके पिता को खोजकर घर पहुंचाया, लेकिन 14 अक्तूबर की शाम मनदीप और उसके मददगार अमरजीत यादव ने दो सहयोगियों चुुन्नू और प्रदीप के साथ मिलकर पिता को शराब पिलाने के बहाने बुलाकर घर से ले गए। आरोप है कि इन लोगों ने शराब में जहर मिलाकर राजेंद्र को पिलाया उसके बाद घर के पास छोड़ गए।
राजेंद्र ने घर पहुंचकर बेटे को बताया कि उन्हें शराब में जहर मिलाकर पिलाया गया है। इसके बाद राजेंद्र को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। राजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर सोनू ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सोमवार को कसया ब्लॉक प्रमुख के पति मनदीप यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अमरजीत यादव, चुन्नू और प्रदीप के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सीओ कसया पीयूष कांत राय ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बिसरा सुरक्षित किया गया है। इसकी रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।