गुजरात से लौट रहे शख्स को कार सवारों ने लूटा
गोरखपुर। सिद्धार्थनगर के एक शख्स को घर छोड़ने के मदद के बहाने बदमाशों ने खोराबार थाना क्षेत्र के कुसम्ही जंगल में शनिवार रात लूट लिया। बदमाश रुपये, मोबाइल फोन और सामान लेकर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, सिद्धार्थनगर के लौटन थानाक्षेत्र स्थित हरबंशपुर बाजार निवासी जोगिंदर मिश्रा एक वर्ष से गुजरात में रहकर काम करते हैं। शनिवार शाम सात बजे वह ट्रेन से गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। घर जाने के लिए बस स्टेशन के बाहर खड़े होकर किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। जोगिंदर के मुताबिक, शाम सात बजे के करीब उनके पास एक कार आकर रुकी, जिसमें तीन लोग बैठे थे। गाड़ी चला रहे युवक के पूछने पर उन्होंने बताया कि लोटन जाना है। झांसे में लेकर उसने कहा कि 80 रुपये लगेंगे। हामी भरने पर वह कार में बैठ गए।
कुसम्ही जंगल में पहुंचने पर युवकों ने कहा कि हम सब बैंक के कर्मचारी हैं, कितने रुपये पास है बता दीजिए नहीं तो पकड़े जाने पर कार्रवाई हो जाएगी। लेकिन उन्होंने बताया नहीं, जिसके बाद युवकों ने पिटाई कर जेब में रखा पर्स, मोबाइल फोन दे लिया। जोगिंदर को जंगल में उतारकर बदमाश भाग गए। पर्स में 3500 रुपये और दस्तावेज थे।