बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली के पास हादसा, 15 फीट गहरे गड्ढे में पलटी कार
कुत्ते से बचने के चक्कर में कार ने ई-रिक्शा में मारी थी टक्कर
महावीर छपरा/बेलीपार/गगहा। बेलीपार थाना क्षेत्र के मेहरौली गांव के पास गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह अनियंत्रित लग्जरी कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में सवार आठ वर्षीय मासूम आराध्या राव की मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा चालक, पिता, बहन और नानी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद कार करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। हालांकि कार का एयरबैग खुलने से सवार सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मेहरौली गांव के पास आगे चल रही ई-रिक्शा के पीछे एक कुत्ता भौंकते हुए दौड़ पड़ा। घबराकर चालक ने ई-रिक्शा को दाहिनी ओर मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से करीब 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद कार करीब 20 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही, फिर मंदिर मार्ग की ओर मुड़ी और लगभग 20 मीटर उछलते हुए सड़क किनारे 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई। कार का एयरबैग खुलने से उसमें सवार दो लोग सुरक्षित बच गए, जबकि मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को मामूली चोट आई है।
हादसे में ई-रिक्शा सवार गगहा थाना क्षेत्र के गरियाकोल निवासी सुचिता देवी, आठ वर्षीय आराध्या राव, चार वर्षीय रुचि और चालक चंदन उर्फ विनोद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एनएचएआई की एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान आराध्या राव की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आराध्या अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती थी। बेटी की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
नानी के साथ होली मनाने शहर आ रहा था परिवार
गरयाकोल निवासी चंद्रशेखर सिंह के पुत्र चंदन सिंह की सास सुचिता सिंह पत्नी चंद्रभूषण गोरखपुर पुलिस लाइन में फालोवर हैं। सोमवार की सुबह चंदन अपनी बेटी नौ साल की आराध्या, चार साल की रूचि, पत्नी सपना और सास सुचिता सिंह को लेकर किराये के ई-रिक्शा से पुलिस लाइंस स्थित आवास पर होली मनाने जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेलीपार के मेहरौली में फोरलेन पर कुत्ते के भौंकने और दौड़ने पर ई-रिक्शा अनियंत्रित हो गया और पीछे से आ रही कार की टक्कर से उसके परखच्चे उड़ गये। हादसे में आराध्या की मौत हो गई। आराध्या गोला क्षेत्र के सिधारी गांव में स्थित अपने बुआ के घर रहती थी और वहीं प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा थी। दो दिन पहले होली की छुट्टी में घर आई थी।