गोरखपुर। गोरखपुर से फाजिलनगर जा रही रोडवेज बस में यात्रा के दौरान दंपती का ट्रॉली बैग काटकर उसमें रखे करीब 3.50 लाख रुपये के जेवर-नकदी चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कैंट पुलिस ने बस कंडक्टर और छह से सात अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर के विजय कॉलोनी निवासी घनश्याम सिंह ने तहरीर में बताया कि 17 अप्रैल को सुबह करीब सात बजे वह पत्नी बिमलावती देवी के साथ उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की गोरखपुर डिपो की बस से गोरखपुर बस स्टेशन से फाजिलनगर जा रहे थे। यात्रा के दौरान उनका हल्के नीले रंग का ट्रॉली बैग बस में रखा था। घनश्याम सिंह के अनुसार, बस में चढ़ने के बाद उन्होंने बैग अपने पास रखा था लेकिन कंडक्टर बार-बार बैग को बस के पीछे रखने का दबाव बना रहा था। मना करने के बावजूद कंडक्टर ने इशारा कर किसी अन्य व्यक्ति से बैग पीछे रखवा दिया। आशंका है कि बस की पिछली सीटों के पास ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
फाजिलनगर पहुंचने पर बैग की जांच की गई तो उसमें रखे सोने-हीरे के आभूषण, करीब सात हजार रुपये नकद और एक साड़ी गायब मिली। बैग की चेन कई जगह से अस्त-व्यस्त थी, जबकि उस पर लगा ताला सही सलामत था। चोरी गए सामान में करीब 13 ग्राम का मंगलसूत्र, 10 ग्राम की सोने की बालियां और हीरे जड़ी अंगूठी शामिल है। करीब 3.50 लाख रुपये के जेवर-नकदी चोरी हुई है। पीड़ित ने घटना में कंडक्टर की भूमिका संदिग्ध बताते हुए संगठित गिरोह की आशंका जताई है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।