गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) खपरैल के भवन में चल रहे कैंट थाने का जल्द ही जीर्णोद्धार करेगा। एसएसपी की पहल पर जीडीए वीसी ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। वर्तमान में जिले का वीआईपी कहे जाने वाला यह थाना 50 वर्षों से खपरैल के भवन में है।
जानकारी के मुताबिक, बरसात के समय कार्यालय में पानी टपकने से सांसत और बढ़ जाती है। 15 साल पहले थाने का नया भवन बनाने के लिए शासन ने बजट स्वीकृत किया। कार्यदायी संस्था ने बैरक, थानेदार का आवास व कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू कराया।
दीवार खड़ी होने के बाद बजट के अभाव में ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। अधिकारियों ने कई बार पत्राचार किया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। थाने में सिर्फ इंस्पेक्टर का कक्ष ही पक्का है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि पुलिस महकमे से मिले प्रस्ताव पर कार्ययोजना तैयार करा रहे हैं। जल्द ही कैंट थाने के भवन के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो जाएगा।