दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में नए सत्र से शुरू होने वाले बीटेक पाठ्यक्रम में बीएससी मैथ के अभ्यर्थी भी दाखिला ले सकेंगे। कुल 60 सीटों में 20 फीसदी यानी 12 सीटों पर बीएससी मैथ के अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। तीन ट्रेड में शुरू किए जाने वाले बीटेक पाठ्यक्रम के हर ट्रेड में 60 सीटें होंगी।
इनके लिए तीन तरीके से प्रवेश लेने की योजना विश्वविद्यालय प्रशासन ने बनाई है। इलेक्ट्रानिक्टस एंड कम्युनिकेशन, इन्फार्मेशन टेक्नालॉजी और कंप्यूटर इंजीनियरिंग ट्रेड के लिए अलग 60 सीटों पर लिए जाने वाले प्रवेश में आधी यानी 30 सीटों को एकेटीयू और जेईई मेंस के अंकों के आधार पर भरा जाएगा।
इसके अलावा 20 फीसद यानी 12 सीटों पर प्रवेश के लिए उन अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा, जिन्होंने विश्वविद्यालय के बीएससी मैथ पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए परीक्षा दी, लेकिन चयनित होने के बाद उन्होंने बीटेक में प्रवेश का मन बना लिया हो। बाकी की 30 फीसद यानी 18 सीटों के लिए विश्वविद्यालय द्वारा प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। बीटेक पाठ्यक्रम के संचालन के लिए विवि में इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी की स्थापना की गई है। पूरी इंजीनियरिंग फेकेल्टी सेल्फ फाइनेंस मोड में चलाई जाएगी।
गोविवि के कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में नए सत्र से बीटेक पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है। कई बार बीएससी मैथ के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भी बाद में बीटेक करने का मन बना लेते हैं, ऐसे विद्यार्थियों को भी प्रवेश का अवसर देने का निर्णय किया गया है।