18 फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के कई प्रवेश पत्रों में मिलीं गड़बड़ियों को सुधारने की कवायद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर शुरू कर दी गई है। विभाग ने सभी प्रधानाचार्यों को जल्द एडमिट कार्ड में मिली गलतियों को दुरुस्त कर संशोधित सूची तैयार करने का निर्देश दिया है।
बोर्ड की वेबसाइट पर लिंक आने के बाद से तुरंत इसे ऑनलाइन दुरुस्त कर लिया जाएगा। इसके साथ ही सभी विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर नाम और रोल नंबर डालकर दी गई जानकारियों को जांचने का निर्देश दिया गया है। ताकि उसमें कहीं अगर त्रुटियां हैं तो उसे समय रहते सुधारा जा सकेगा।
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर स्कूलों को भेजे गए प्रवेशपत्रों में गलतियों की भरमार मिली है। राम रेखा इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों के प्रवेशपत्र में गलतियां मिली हैं। नीना थापा इंटर कॉलेज के दो विद्यार्थियों को पुरुष की जगह महिला दर्ज कर दिया गया है। पहली बार प्रवेश पत्र में हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं का इस्तेमाल किया गया है। अंग्रेजी की भाषा को छोड़ दें तो हिंदी में ज्यादातर अशुद्धियां मिली हैं। कहीं एक ही प्रवेशपत्र पर दो फोटो, नाम की स्पेलिंग में गलती है। जिला विद्यालय निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि सभी गलतियों को ठीक कर लिया जाएगा। किसी विद्यार्थी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।