यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन करते शिक्षक- शिक्षिकाएं।(file)
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना महामारी की वजह से स्थगित यूपी बोर्ड के 10वीं-12वीं की परीक्षा कॉपियों का मूल्यांकन पांच मई से फिर शुरू होगा। मूल्यांकन केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए बोर्ड ने गाइड लाइंस जारी कर दी है। इसके मुताबिक परीक्षकों के बीच दो मीटर की दूरी अनिवार्य रुप से होगी।
वहीं केंद्र पर प्रवेश से पहले परीक्षकों की थर्मल स्क्रीनिंग, मास्क और ग्लव्स को पहनना अनिवार्य होगा। शहर के पांच मूल्यांकन केंद्रों पर सात लाख 24 हजार 481 कॉपियों का मूल्यांकन 2933 परीक्षकों की ओर से किया जाएगा। आदेश के मुताबिक रोजाना मूल्यांकन केंद्रों के साथ ही कॉपियों के बंडल को भी सैनिटाइज किया जाएगा।
अगर मूल्यांकन केंद्र पर जगह का अभाव है तो परीक्षकों को विषयवार मूल्यांकन कराने की सलाह दी गई है। सभी केंद्रों पर सैनिटाइजर, लिक्विड हैंडवॉश, पेपर नैपकिन, पानी और मॉस्किटो कॉयल की व्यवस्था कराई जाएगी।
परीक्षकों को मोबाइल में आरोग्य सेतु एप जरूर डाउनलोड करना होगा। अगर किसी परीक्षक के अंदर सांस फूलने, सर्दी-खांसी के लक्षण नजर आते हैं तो उन्हें मूल्यांकन कार्य से अलग करके तत्काल जिला प्रशासन को अनुमति देने का निर्देश दिया गया है।