एमएमएमयूटी में दो दिवसीय वार्षिक महोत्सव टाईकूंस-20 शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
मालवीय शिक्षा निकेतन में छह प्रतियोगिताएं हुई, तीन का फाइनल आज
कार्यक्रम में मालवीय शिक्षा निकेतन में पढ़ने वाले बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अतिथियों ने बच्चों को लेखन सामग्री दिया।
अहम ब्रह्मास्मिश (ट्रेजर हंट) प्रतियोगिता में पहले दिन तीन राउंड हुए जिसमें फाइनल के लिए कुल छह टीमों ने क्वालीफाई किया। फाइनल राउंड शुक्रवार को होगा। एड मैड शो में प्रतिभागियों को किसी विज्ञापन में हास्य मिश्रित कर प्रस्तुत करना था जिसमें केआईपीएम की वंदना और उनकी टीम को पहला स्थान, आईटीएम गीडा के सौरभ को द्वितीय स्थान एवं एमएमएमयूटी की जयंतिका और उनकी टीम को तीसरा स्थान मिला।
बिजनेस क्विज में पांच टीमों ने शुक्रवार को होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। ब्रांडिंग प्रतियोगिता में बलराम यादव और उनकी टीम को प्रथम, शालिनी पांडेय और उनकी टीम को द्वितीय और उत्सव एवं उनकी टीम को तृतीय स्थान मिला। सिचुएशन रिएक्शन प्रतियोगिता में कृतिका शुक्ल को प्रथम स्थान, सौरभ चतुर्वेदी को द्वितीय स्थान और अदिति सिंह मौर्या एवं पार्थ पांडेय को तृतीय स्थान मिला। यूथफोरिया प्रतियोगिता में शुक्रवार को होने वाले फाइनल के लिए तीन टीमों ने क्वालीफाई किया।
‘अनुशासन से परिवार व समाज दोनों में सुधार’
सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में उप प्राचार्य डॉ एसडी शर्मा ने रखे विचार
सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में महिला इकाई की ओर से आयोजित एनएसएस शिविर का शुभारंभ बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि उप प्राचार्य डॉ एसडी शर्मा ने किया। उन्होेंने कहा कि अनुशासन से परिवार और समाज दोनों में सुधार होता है।
उन्होंने स्वयं सेविकाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य एवं महत्ता की जानकारी दी। कहा कि अगर आप अनुशासित होते हैं और स्वयं में सुधार लाते हैं तो परिवार और समाज सुधरता है। विशिष्ट अतिथि मुख्य नियंता वीपी सिंह ने कहा कि अहंकार का त्याग कर बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। कॉलेज के हिंदी विभाग के उपाचार्य डॉ. सुशील कुमार राय ने भी एनएसएस की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. जेके पांडेय ने अतिथियों का स्वागत और कार्यक्रम का संचालन किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुनीता पॉटर एवं डॉ. पूजा आनंद ने आभार ज्ञापित किया। वहीं कॉलेज के आयोजित दूसरे शिविर का भी शुभारंभ हुआ। इस दौरान स्वयंसेवकों ने शिविर के आसपास सफाई की। विभागाध्यक्ष डॉ राहुल श्रीवास्तव ने भारत की आर्थिक नीतियों पर चर्चा की।
प्राकृतिक रूप से हम निर्धन हुए : प्रो. डीके सिंह
डीएवी पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की दयानंद इकाई की ओर से चलाए जा रहे सात दिवसीय शिविर के दूसरे दिन शैक्षिक संगोष्ठी हुई। बतौर मुख्य अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्राणी विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. डीके सिंह ने कहा कि आज हम भौतिक रूप से समृद्ध हुए हैं लेकिन प्राकृतिक रूप से निर्धन हो गए हैं।
उन्होंने हरित ऊष्मीय प्रभाव पर बोलते हुए कहा कि इसका प्रभाव अब हमारे सामने आ रहा है। वातावरणीय संरक्षण के प्रति असावधानी, उदासीनता, संवेदनहीनता से बाढ़, सूखा और चक्रवात जैसे हालात दिख रहे हैं। मनुष्य अपनी जरूरत की पूर्ति के लिये वातावरण का अधिक दोहन कर रहा है। ग्लोबल वार्मिंग, वैश्विक तापमान वृद्धि, ग्लेशियर पिघलना, ओजोन के क्षरण की स्थितियां वैश्विक मंदी से भी खतरनाक हैं।
प्राचार्या डॉ. राजकुमारी पांडेय ने कहा कि भारतीय परंपरा में पर्यावरण संरक्षण हमारे नियमित क्रिया-कलापों से जुड़ा हुआ है। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संजय कुमार पांडेय, डॉ. पूनम, डॉ. स्नेहलता त्रिपाठी, डॉ. राजेश राय, डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. पंकज तिवारी, दिनेश यादव, अखिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
एपी क्रिकेट एकेडमी ने राम स्पोर्ट्स को 52 रनों से दी शिकस्त
गोरखपुर क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से जिला क्रिकेट लीग मैच का आयोजन रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर किया गया। एपी क्रिकेट एकेडमी और राम स्पोर्ट्स के बीच मैच खेला गया। एपी क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। 30 ओवर में 6 विकेट पर 129 रन बनाए। एकेडमी की तरफ से सूरज मिश्रा ने 40, सूरज पाल ने 22 व अविनाश ने 18 रन बनाए।
राम स्पोर्ट्स की तरफ से दिव्यांश और फिरोज आलम ने 2-2 विकेट और बदरे आलम ने 01 विकेट प्राप्त किया। जवाब में उतरी स्पोर्ट्स की टीम 20.1 ओवर में 10 विकेट पर ढेर हो गई और 77 रन ही बना सकी। स्पोर्ट्स की तरफ से सरताज, बाल किशन और अनुज दूबे ने 15-15 रन बनाए। इसके अलाव कोई खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। एपी एकेडमी की तरफ से अविनाश ने 3, राकेश व राकी ने 2-2 विकेट व अनूप व राहुल ने 01-01 विकेट हासिल किया। इसी प्रकार एपी क्रिकेट एकेडमी 52 रनों से मैच जीतकर दो अंक प्राप्त किया। मैन ऑफ द मैच एपी एकेडमी के अविनाश को चुना गया।
व्याख्यान: शिक्षा, विजय और श्वेता को पहला स्थान
एमपी पीजी कॉलेज में भारत-भारतीय पखवारा के तहत व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें 34 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
आयोजन प्रभारी डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव ने प्रस्तावना रखी। प्रतियोगिता में बीएससी भाग एक की शिक्षा शर्मा को पहला स्थान मिला। वहीं दूसरा स्थान राकेश और तीसरा स्थान अल्पना चौधरी को मिला। बीएससी भाग दो में प्रथम स्थान विजय सिंह और दूसरा स्थान आलोक सिंह को मिला। वहीं बीएससी भाग तीन में प्रथम स्थान श्वेता मिश्रा और दूसरा स्थान पूजा शुक्ला को हासिल हुआ।
‘क्रियात्मक अनुसंधान शैक्षिक समाधान का सर्वोत्तम विकल्प’
महाराणा प्रताप पीजी कॉलेज जंगल धूसड़ के तत्वावधान में भारत-भारतीय पखवारा के अंतर्गत बीएड विभाग में क्रियात्मक अनुसंधान विषय पर व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता चंद्रकांति रमावती देवी महिला स्नातकोत्तर पीजी कॉलेज में सहायक आचार्य डॉ. रेखा श्रीवास्तव रहीं। उन्होंने कहा कि क्रियात्मक अनुसंधान वह प्रक्रिया है जिसके द्वारा किसी भी विद्यालय आदि शिक्षण संस्थाओं के दैनिक पठन-पाठन एवं क्रिया विधियों में परिवर्तन लाया जा सकता है।
यह अनुसंधान वही व्यक्ति करता है जिसकी समस्या होती है। इसका संदर्भ मूर्त, अनौपचारिक तथा शोध अभिकल्प अत्यंत ही नमनीय होता है। डॉ. श्रीवास्तव ने कहा कि सच्चे अर्थों में क्रियात्मक अनुसंधान शैक्षिक समाधान का सर्वोत्तम विकल्प है। इसका इस्तेमाल सभी क्षेत्रों में सरलता से किया जा सकता है। संचालन बीएड विभाग की सहायक आचार्य रचना सिंह ने तथा आभार ज्ञापन डॉ. अनुभा श्रीवास्तव ने किया।
धूमधाम से आज मनाई जाएगी कपूरी ठाकुर की जयंती
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती 24 जनवरी को जोगिया इंटर कॉलेज सहजनवां में मनाई जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ध्रुव नारायण एडवोकेट होंगे। राष्ट्रीय नाई महासभा की तरफ से उनका स्वागत भी किया जाएगा। यह जानकारी अजीत कुमार शर्मा ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से दी। उन्होंने नाई समाज के लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
सेंट जोसेफ मिशन स्कूल पचौहा में खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
उरुवा क्षेत्र के सेंट जोसेफ मिशन स्कूल पचौहा में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत बृहस्पतिवार को हुई। पहले दिन के खेल में प्लेवे, एलकेजी व यूकेजी के 100 मीटर, कक्षा एक से पांच तक 200 मीटर व कक्षा छह से दस तक के विद्यार्थियों ने 300 मीटर दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। दौड़ में प्लेवे से कक्षा 5 तक के बालक वर्ग में आशीष उपाध्याय, आदित्य कुमार, समर गुप्ता, विशेष कुमार, लवकुश, आदित्य पुरी, धर्मवीर, अभिनव राव, राज, आदित्य विश्वकर्मा, अंकित यादव, विवेक कुमार, अली हसन विजेता रहे। बालिका वर्ग में मनीषा यादव, अनन्या सिंह, रितिक यादव, उपासना यादव, लक्ष्मी यादव, सृष्टि यादव, लाडली, शिवांगी गौतम, समीक्षा पुरी, आयुषी त्रिपाठी, दीपा गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इसके पूर्व मुख्य अतिथि सपा छात्रसभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव सुधीर यादव ने कहा कि शिक्षा और खेल जीवन के एक महत्वपूर्ण अंग हैं। पढ़ाई के साथ ही विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से भी देश का नाम रोशन करना चाहिए।
रेफरी की भूमिका मैथ्यू ने निभाई। कमेंट्री अरशद निजाम ने की। अध्यक्षता प्रबंधक एसके जॉन व संचालन प्रधानाचार्य विनय हाबिल ने किया। इस दौरान अनिल यादव, हेमेन जैसू, पीएम शेख, पिंकी शर्मा, कुसुम, निधि मौर्या, नीलम त्रिपाठी, क्रांति, प्रीति, साधना, शिव प्रकाश श्रीवास्तव, सुगंधा त्रिपाठी, नदीम खान, आकाश यादव आदि मौजूद रहे।
केंद्राध्यक्ष के लिए पांच तक जमा करें आवेदन
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय की 25 फरवरी से शुरू हो रहीं वार्षिक परीक्षाओं में केंद्राध्यक्ष बनाए जाने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन पांच फरवरी तक परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में जमा करना है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा है कि निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर शिक्षक अपने महाविद्यालय के प्राचार्य से अग्रसारित जरूर कराएं। आवेदन का प्रारूप विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आज से 24 घंटे विवि में पानी आपूर्ति ठप
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के शिक्षक आवास और सभी छात्रावास में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शनिवार को दोपहर 12 बजे तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी। विश्वविद्यालय के अवर अभियंता, सिविल ने बताया कि इस अवधि में उत्तर प्रदेश जलनिगम की ओर से नई पाइप लाइन को पुराने पाइप लाइन से जोड़ने का काम किया जाएगा। इससे हीरापुरी कालोनी, मुंशी कॉलोनी, सभी छात्रावास में पानी की आपूर्ति बंद रहेगी।
गोरखपुर विवि: प्रयोगात्मक परीक्षा तीन से
गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग में दृश्यकला स्नातक (बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष) सत्र 2019-20 की प्रयोगात्मक परीक्षा तीन फरवरी से होगी। यह जानकारी विभागाध्यक्ष प्रो. ऊषा सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी सीजनल वर्क 31 जनवरी को विभाग में जरूर जमा कर दें।
जेईई मेन: एकेडमिक ग्लोबल स्कूल के होनहारों को सम्मान
90 से ज्यादा परसेंटाइल प्राप्त करने वाले छात्रों की संख्या अच्छी
ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई मेन) 2019 में सफलता हासिल करने वाले एकेडमिक ग्लोबल स्कूल जंगल धूसड़ के 42 मेधावियों को सम्मानित किया गया। 99. 77 परसेंटाइल हासिल करने वाले वैभव गुप्ता को विशेष सम्मान मिला है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि 90 परसेंटाइल से ज्यादा मार्क्स लाने वाले छात्रों की संख्या अच्छी है।
पादरी बाज़ार के जंगल धूसड़ स्थित एकेडमी ग्लोबल स्कूल के चार छात्रों आयुष श्रीवास्तव, अक्षत वर्मा, अनुराग राय, प्रशांत सिंह को 99 परसेंटाइल से ज्यादा मार्क्स मिले हैं। प्रियांश पांडेय, प्रशांत सिंह, रोहित सिन्हा, सत्यम शुक्ला, प्रत्युष कुमार, स्वेतांक श्रीवास्तव, उरविजा पांडेय, रणजीत मिश्र, निरुपमा झा व जया सिंह ने 98 परसेंटाइल प्राप्त किया। विद्यालय के चेयरमैन व मोमेंटम के डायरेक्टर संजीव कुमार, निदेशक राजेश कुमार, उप निदेशक संदीप कुमार, प्रधानाचार्य वीसी चाको, शिक्षक सी एल मौर्य, प्रवीण सिंह यादव, डीपी त्रिपाठी, सोनू कसौधन आदि ने शुभकामनाएं दी। संजीव कुमार ने सभी सफ ल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
वॉलीबाल में पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर चैंपियन
विजेता टीम को 41 हजार रुपये और ट्राफी दी गई
पूर्वोत्तर रेलवे की टीम राज्य स्तरीय वालीबाल चैंपियनशिप अपने नाम की। फाइनल में पूर्वोत्तर रेलवे ने मुजफ्फरनगर को पराजित किया। विजेता टीम को 41 हजार नकद व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
गांव नवादा दोयम में चल रही वॉलीबाल प्रतियोगिता में गुरुवार को पहला सेमीफाइनल मुजफ्फर नगर और वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच हुआ, जिसमें मुजफ्फरनगर ने जीत हासिल कर फाइनल में कदम रखा। दूसरा सेमीफाइनल पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर और सीमा सशस्त्र बल लखनऊ के मध्य हुआ। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे ने जीत हासिल की। सांसद मुकेश राजपूत ने खिलाड़ियों से परिचय किया। भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर और अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने विजेता टीम को सम्मानित किया।
विद्यालयों को 31 तक प्रयोगात्मक परीक्षा कराने का मौका
यूपी बोर्ड इंटर के जिन विद्यालयों में अबतक इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को नहीं कराया गया है, उन्हें 31 जनवरी तक का मौका दिया गया है। यह जानकारी देते हुए अपर सचिव विनोद कृष्ण ने बताया कि विभिन्न कारणों से जिन विद्यार्थियों ने अबतक प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं दी है या जिनकी परीक्षा छूट गई है, वे भी 31 जनवरी तक विद्यालयों में प्रयोगात्मक परीक्षा दे सकेंगे।
आईआईटी जेईई मेंस में ग्लोरियस के छात्र ने लहराया परचम
ग्लोरियस चिल्ड्रेन एकेडमी के अमन मिश्र पुत्र ज्ञान प्रकाश मिश्र ने जेईई मेंस में 95 प्रतिशत अंक हासिल कर बांसगांव क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बधाई देते हुए प्रबंधक अजय सिंह ने कहा कि अमन मिश्र ने स्कूल और बांसगांव क्षेत्र के लिए शानदार उपलब्धि हासिल की है। अमन मिश्र ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं विद्यालय के शिक्षकों को दिया है।
आर्मी पब्लिक स्कूल: मिनी मैराथन में दौड़े धावक
आर्मी पब्लिक स्कूल कूड़ाघाट में बृहस्पतिवार को मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। जिसमें जीआरडी कूड़ाघाट से सेना के जवान व अधिकारी (सपरिवार) तथा छात्र-छात्राओं व शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।
तीन श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिता में राजन तिवारी, राजकुमार यादव, आदर्श पांडेय, निशांत राय,आमुक, ममता, जया, हर्षिता, राहुल पाठक, चंदन, अंकित यादव, महक, काजल, रितु, यूविन राय, खड़क बहादुर, यज्ञ बहादुर, अनीता गुरुम, स्वाति घीमरे, रमा पौडिल विजेता रहीं। इस अवसर पर कर्नल विभू वशिष्ठ, लेफ्टिनेंट कर्नल जगमीत सिंह, कर्नल एके भोसले, प्रधानाचार्य विशाल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।