यूपी बोर्ड की ओर से आयोजित हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा के दौरान मंगलवार को सहजनवां इलाके में स्थित परीक्षा केंद्र पर एक मनबढ़ परीक्षार्थी कक्ष निरीक्षक से भिड़ गया। उसने पहले अपशब्द कहे, विरोध करने पर हाथापाई पर उतारू हो गया। शिक्षकों ने दोनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्राध्यक्ष ने आरोपित छात्र के खिलाफ सहजनवां थाने में तहरीर दी। वहां दोनों पक्षों का 151 में चालान कर दिया गया।
पाली संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, सहजनवां इलाके के पंडित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज तिलौरा में सुबह की पाली में हाईस्कूल गणित और इंटर कृषि विषय की परीक्षा चल रही थी। कमरा नंबर दो में बैठा आरोपित छात्र गणित की परीक्षा दे रहा था। कक्ष निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने उसकी कॉपी हस्ताक्षर के लिए मांगी तो वह भड़क गया। अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए वह कक्ष निरीक्षक से हाथापाई पर उतारू हो गया। किसी तरह प्रबंध तंत्र ने मामला शांत कराया। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्र व्यवस्थापक अनिल धर दुबे ने आरोपित छात्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों का 151 में चालान किया गया है।