उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से परीक्षाओं में नकलचियों पर लगाम कसने के लिए एक और अनोखी पहल की गई है। इसके तहत 10 वीं और 12वीं की ‘बी कॉपियों’ में पहले ‘ए कॉपी’ की ही तरह कोडिंग लागू कर दी गई है। इनके रंग को भी नीला और हरा कर दिया गया है।
कॉपियों की खेप राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज गोरखपुर स्थित कंट्रोल रूम पर पहुंच चुकी है। 18 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षाओं के लिए जल्द ही कॉपियों को केंद्र पर भेजना शुरू हो जाएगा।
नकलविहीन परीक्षाओं के लिए यूपी बोर्ड ने जहां एक तरफ केंद्रों पर सीसीटीवी के साथ राउटर लगाया है वहीं इनकी लाइव निगरानी के लिए कंट्रोल रूम से सभी केंद्रों को जोड़ दिया गया है।
कंट्रोल रूम पर बाकायदा कर्मचारी केंद्रों की लाइव निगरानी के लिए तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही बोर्ड ने हाईस्कूल की ‘बी कॉपियों’ के रंग को काला से नीला और इंटर की कॉपियों को लाल से हरा कर दिया है।
गत वर्ष तक हाईस्कूल की ए और बी कॉपी का रंग काला ही था। वहीं इंटर की कॉपियों का लाल था। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान अक्सर कॉपियों के बदले जाने या दूसरी जगह बैठकर पेपर देने वाले मामले लगातार सामने आते हैं। वहीं यूपी बोर्ड व्यवस्था में बदलाव की तैयारी कर रहा था। अब इसे अंतरिम रूप देकर सत्र 2019-20 से लागू कर दिया है।