फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एल्युमिनाई मीट: पुरानी यादों को दोबारा जीने की तमन्ना लिए मिले पुराने दोस्त, खूब हुआ ‘याराना’

Sun, 09 Feb 2020 09:26 PM IST
विजय जैन डिजिटल न्यूज डेस्क, गोरखपुर
विज्ञापन
पुरातन छात्र सम्मेलन में उपस्थित छात्रों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सतरंगी छटाएं बिखेरता महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार का खूबसूरत मंच, पुरानी दोस्ती को दोबारा जीने की तमन्ना लिए इधर-उधर तलाशती निगाहें, गुजरे वक्त की सुनहरी यादों को जिंदा कराता पुराना कॉलेज कैंपस और गीत-संगीत, शेरो शायरी और किस्सों में हंसी के ठहाके।
विज्ञापन


इन सब यादगार पलों को सहेजे राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में जब एल्युमिनाई मीट हुआ तो लगा ही नहीं कि जैसे छात्र सालों बाद एक-दूसरे से मिले हों।

विद्यालय परिसर में आयोजित प्रवाह कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के बाद कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। पूर्व विद्यार्थियों ने वर्तमान छात्रों के साथ पंक्तिबद्ध होकर विद्यालय की प्रार्थना ‘वह शक्ति हमें दो दयानिधे’ को साथ में गाया।

प्रधानाचार्य नंद प्रसाद यादव ने पूर्व छात्रों के साथ आमंत्रित कलाकारों का स्वागत किया। उप प्राचार्य प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने सभी पूर्व व वर्तमान छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आयोजन समन्वयक डॉ राजेश चंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
विज्ञापन

शुरू हुई मस्ती तो उम्र के बंधन भी टूटे

स्वर बैंड के कलाकारों ठाकुर शिवेंद्रम, विकी हाशिम, निखिल रंजन, अभिषेक यादव और अशोक प्रजापति के गीतों पर श्रोताओं की खूब तालियां मिलीं। आयोजन समन्वयक डॉ. राजेश चंद्र गुप्ता ने केंद्रीय आयोजक मंडल के डॉ. एसके लाट, डॉ. संजय श्रीवास्तव, तेजस्वी, वैभव श्रीवास्तव, विनोद पांडेय, सुजॉय बैनर्जी, प्रभात मिश्र, मनोहर गुप्त, रंजन मिश्र, रितेश अग्रहरि, विशाल कुशवाहा, कुशल बंसल, अमित कुमार गुप्ता, विशाल त्रिपाठी एवं मोहम्मद शहाबुद्दीन को प्रेम-प्रतीक से सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार के सदस्य शिक्षकगण, कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।

एल्युमिनाई मीट में ओपन माइक के तौर पर मौज-मस्ती से भरे तीन सत्र महफिल-ए-शायराना, महफिल-ए-गाना और महफिल-ए-गुफ्तगू का आयोजन हुआ। पूर्व छात्र पवन गुप्ता ने अपने समय में अध्यापक के द्वारा पहाड़ा सुनने की याद साझा की तो लोग बरबस हंस पड़े। 1972 बैच के अचल अग्रवाल ने पुरानी कक्षाओं के दिन याद कर अपने अनुभव साझा किए जबकि जितेंद्र वर्मा पल्लू ने भाषण देकर लोगों का दिल जीत लिया। सहायक लोक अभियोजक उत्तम त्रिपाठी ने अपने लिखे खूबसूरत शेर पढ़े तो महफ़िल का माहौल शायराना हो गया। सन 87 के बैच के एल्युमिनाई एसपी दुबे ने तो मस्ती भरे अंदाज में एक से बढ़कर एक पुराने गीत गाए जिसपर पूरा सभागार झूम उठा।
विज्ञापन

पुराने साथियों के साथ फोटो खिंचवाई

एल्युमिनाई मीट प्रवाह - 2020 में मौजूद सभी पूर्व छात्रों ने अपने पुराने साथियों के साथ सेल्फी ली। कार्यक्रम के अंतिम में वहां मौजूद कुछ पूर्व छात्र भावुक हो गए तो कुछ पुराने साथियों को कार्यक्रम के अंत में पहचान सके। कहा कि लंबा समय बीत गया है। इसकी वजह से दोस्तों को पहचानना कठिन हो गया था। वहां मौजूद सभी पूर्व छात्रों ने एक-दूसरे साथी के बीच अपने मोबाइल नंबर भी साझा किए।

प्रवाह-2020 का यह आयोजन बेहद भावुक रहा। पूर्व छात्र होने की वजह से कॉलेज के पुराने दिनों को बहुत याद करता हूं। आगे से इस आयोजन की निरंतरता बनी रहे, इसके लिए व्यक्तिगत प्रयास करुंगा।
- डॉ. संजय श्रीवास्तव

यह एल्युमिनाई मीट अपने आप में खास रहा। हमने अपने बचपन को दोबारा जिंदा किया। रोजमर्रा की भागदौड़ से निकल कर आज हम यारों के बीच और यारों के लिए यहां आए हैं। मैं हर साल इस आयोजन में आने की कोशिश करूंगा।
-तेजस्वी खिज्वानिया

इस बार एल्युमिनाई मीट में मौजूद जुबिलिएंस ने खूब मस्ती की। मुझे बड़ा सुखद लगा जब सालों बाद बगल में बैठकर पढ़ने वाले दोस्तों से इतनी गर्मजोशी से वापस से मुलाकात हुई। यह बेहद भावुक आयोजन रहा।
- डॉ. एसके. लाट

हमारे बीच मौजूद कई वरिष्ठ पूर्व छात्रों को देखकर मुझे अत्यंत गौरव की अनुभूति हुई। उनका आशीर्वाद, सानिध्य और मार्गदर्शन हमारे लिए बेहद सौभाग्य का विषय रहा। अगले वर्ष इसका आयोजन दोगुने उत्साह से किया जाएगा।
- डॉ. राजेश चंद्र गुप्त, आयोजन समन्वयक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें