कैंपियरगंज पुलिस ने आक्रामक संदेश और फोटो वायरल करने पर की कार्रवाई
शांति व्यवस्था प्रभावित करने और लोगों को उकसाने का आरोप, एसएसपी के निर्देश पर चल रही निगरानी
गोरखपुर। सोशल मीडिया पर ‘एके-47’, ‘महाकाल’ समेत अन्य नामों से ग्रुप बनाकर आक्रामक संदेश और फोटो पोस्ट करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कैंपियरगंज पुलिस ने सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान ऐसे 13 युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र कुमार के अनुसार, सोशल मीडिया पर कुछ युवक ग्रुप बनाकर लगातार भड़काऊ और आक्रामक पोस्ट साझा कर रहे थे। इन गतिविधियों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
बुधवार और बृहस्पतिवार को प्रभारी निरीक्षक कैंपियरगंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ऐसे 13 युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोगों को परेशान करने, दूसरों को उकसाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल थे। गिरफ्तार सभी आरोपियों को पाबंद करते हुए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छठ पर्व के विवाद के बाद चर्चा में आया था ‘एके-47’ ग्रुप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, छठ पर्व के दौरान अकटहवा पुल पर हुए गैंगवार के बाद बाद ‘एके-47’ नामक ग्रुप का मामला चर्चा में आया था। आरोप है कि कुछ लोग जेल से छूटने के बाद दोबारा सक्रिय होकर सोशल मीडिया पर ग्रुप बनाकर पोस्ट और फोटो वायरल कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने ऐसे खातों और समूहों की निगरानी बढ़ा दी। गैंग के गुर्गे एक मैसेज पर एकत्रित होकर मारपीट के अलावा रंगदारी भी मांगते थे।
ये आरोपी दबोचे गए
गिरफ्तार आरोपियों में हरनाथपुर गांव के प्रभाकर यादव और प्रतीक यादव, भरवलिया के ऋषिकेश साहनी व गुलशन साहनी, बसंतपुर टोला मनसा पुरवा के ऋषिकेश साहनी, गुलरिहा टोला के विकास उर्फ छोटू, धर्मपुर टोला सिकंदरपुर के अनूप गुप्ता और रितिक गुप्ता, रामनगर केवटलिया के शेरू खान और रिंकू यादव, गुलरिहा टोला लालपुर के शिवम शर्मा, महावनखोर के दीपांशु पासवान तथा शवलहिया के नीरज पाल शामिल हैं।
वर्जनसोशल मीडिया पर आक्रामकता फैलाने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में चिह्नित व्यक्तियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की मॉनिटरिंग टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय समूहों और खातों की लगातार निगरानी कर रही है।
- ज्ञानेंद्र कुमार, एसपी नार्थ