गोरखपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शहर के विभिन्न इलाकों में मंगलवार को अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इसकी शुरुआत झारखंडी मंदिर के पास की गई, जहां अवैध रूप से लगाए गए अतिक्रमण को हटवाया गया।
इस दौरान शिवरात्रि पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। मौके पर स्थानीय पार्षद जुगनू भी उपस्थित रहे। इसके बाद प्रवर्तन दल ने चटोरी गली, गणेश चौराहा, सिटी मॉल, छात्रसंघ चौराहा, पैडलेगंज, फिराक चौराहा, बेतियाहाता चौराहा और शास्त्री चौक रोड पर सड़क के दोनों ओर लगे ठेले और दुकानों का सामान हटवाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर चालान की कार्रवाई के साथ सामान जब्त कर लिए जाएंगे। ब्यूरो