- पुलिस लाइन में बच्चों के खेलने के लिए बन रहा है प्ले ग्राउंड
- पुलिस के जवानों को अब चाय-कॉफी नाश्ते के लिए नहीं जाना होगा बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पुलिस लाइन में कैफेटेरिया और बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड बन रहा है। अब पुलिस को चाय नाश्ते के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें परिसर के अंदर ही कैफेटेरिया में चाय, कॉफी और कई तरह का नाश्ता मिलेगा। वहीं बच्चे भी कहीं बाहर नहीं बल्कि पुलिस लाइन के अंदर ही तैयार हो रहे प्ले ग्राउंड में खेल सकेंगे।
पुलिस लाइन में पुलिसकर्मी व उनके परिवार समेत करीब पांच हजार लोग रहते हैं। पुलिस लाइन के अंदर तय समय पर सुबह और शाम मेस चलता है। इसके अलावा चाय नाश्ते के लिए पुलिस कर्मियों को बाहर जाना पड़ता था। वहीं पुलिस कर्मियों के बच्चों के खेलने के लिए भी कोई ग्राउंड नहीं था। ग्राउंड बन जाने से वहां सुबह शाम लोग योगा और वॉक भी कर सकेंगे। पार्क में झूले और बच्चों के खेलने के लिए कई चीजें लगवाई जा रही हैं। इससे पहले लाइन में कैंटीन भी खोली गई थी, जहां पर रोजमर्रा के सारे सामान उपलब्ध हैं। सीओ लाइन अंशिका वर्मा ने बताया कि बहुत जल्द कैफेटेरिया और प्ले ग्राउंड तैयार हो जाएगा। इसमें चाय, काफी के साथ कई तरह के नाश्ते की व्यवस्था रहेगी।