केंद्रीय विद्यालय में फायरिंग कला का प्रशिक्षण लेतीं एनसीसी कैडेट्स।
गोरखपुर। 45 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-155 का आयोजन केंद्रीय विद्यालय संख्या-2, उनौला में हो रहा है। शिविर के तहत कैडेट्स के लिए फायरिंग रेंज में विशेष फायरिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कैडेट्स को हथियार संचालन, सुरक्षा मानकों व निशानेबाजी की तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
भारतीय सेना के अनुभवी एवं ख्यातिप्राप्त प्रशिक्षकों ने कैडेट्स को फायरिंग की बारीकियों से अवगत कराया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में कैडेट्स ने उत्साह के साथ फायरिंग अभ्यास किया। पहली बार फायरिंग करने वाले कई कैडेट्स के चेहरे पर आत्मविश्वास और खुशी स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल जयवीर सिंह ने कहा कि राष्ट्र रक्षा के लिए युवाओं का शारीरिक, मानसिक एवं सामरिक रूप से दक्ष होना आवश्यक है। आयुध कला केवल सेना के लिए ही नहीं बल्कि आत्मरक्षा और अनुशासन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। एनसीसी युवाओं में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और साहस का विकास करने का प्रभावी माध्यम है। इस दौरान डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमित सिंह, कैप्टन वाहिद अली, सेकंड ऑफिसर अनिल कुमार, सूबेदार मेजर राकेश कुमार, अरविंद कुमार, विष्णु पुरी आदि उपस्थित रहे।