पीएम मोदी से मुलाकात करते कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और सांसद संतकबीरनगर प्रवीण निषाद।
- फोटो : अमर उजाला।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (मत्स्य विभाग) डॉ. संजय निषाद ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने पीएम मत्स्य संपदा योजना के लिए प्रदेश को 300 करोड़ दिए जाने पर प्रधानमंत्री का आभार जताया।
मुलाकात के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मछुआ समाज के कल्याण के लिए पीएम मत्स्य संपदा योजना में अनुदान देकर पिछड़े समाज को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य किया गया है। इसके लिए मछुआ समाज प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से मझवार समाज के आरक्षण को लेकर चर्चा करते हुए बताया कि किस प्रकार पूर्व की सरकारों ने मछुआ समाज को इस्तेमाल किया और उनकी बहुप्रतीक्षित मांग जो कि संविधान में सूचीबद्ध है, मझवार आरक्षण पर केवल राजनीति कर उन्हें सिर्फ वोट बैंक समझा है।
प्रधानमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वो मझवार आरक्षण निर्णायक भूमिका में है और जल्द ही वह मछुआ समाज को सौगात देंगे। कैबिनेट मंत्री ने महाराजा गुह्य राज निषाद की मिलन स्थली व किले शृंगवेरपुर धाम को पर्यटक स्थल घोषित करने, भगवान राम व महाराज गुह्य राज की गले लगी मूर्ति लगवाने पर भी प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कैबिनेट मंत्री और लोकसभा सांसद संतकबीरनगर प्रवीण निषाद ने प्रधानमंत्री को मछुआ समाज का प्रतीक नाव स्मृति चिह्न के रूप में भेंट किया।