फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देवरिया में उपचुनाव आज, 184 मतदान केंद्रों पर पड़ रहे हैं मतदान

Tue, 03 Nov 2020 09:18 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, देवरिया।

सार

कड़ी सुरक्षा के बीच राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से रवाना हुईं पोलिंग पार्टिंयां
487 बूथों पर 3,36,565 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा मतदान, आठ जोन व 48 सेक्टर में बंटा विधानसभा क्षेत्र
विज्ञापन
देवरिया उपचुनाव। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के लिए तीन नवंबर को शुरू हो गया है। आज मंगलवार को 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3,36,565 मतदाता करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

विज्ञापन


बता दें कि मतदान के लिए सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं, जो शाम तक बूथों पर ईवीएम व अन्य सामग्री के साथ पहुंच गईं। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन कटिबद्ध है। बूथों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वाले के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से मतदान के लिए सोमवार को पोलिंग पार्टियां बसों से रवाना हुईं। कॉलेज परिसर में करीब 36 काउंटर बनाए गए थे। इसमें माइक्रो ऑर्ब्जवर व सेक्टर मजिस्ट्रेट के लिए एक-एक, पीठासीन अधिकारी के लिए छह तथा मतदान अधिकारी के लिए 25 काउंटर, पुलिस हेल्प डेस्क आदि शामिल रहे। प्रेक्षक के लिए भी अलग से टेंट लगा था। काउंटरों पर कार्मिकों की भीड़ थी।
विज्ञापन


वे ड्यूटी पत्र, ईवीएम, स्टेशनरी व अन्य सामग्री के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। कुछ दूरी पर रिजर्व कार्मिक थे। अनुपस्थित कर्मचारियों के स्थान पर उनकी ड्यूटी लगाई जा रही थी। इस दौरान कोविड-19 के नियमों की अनदेखी की जा रही थी। कुछ लोग मॉस्क नहीं लगाए थे तो कहीं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा था। ईवीएम व अन्य सामग्री लेने के बाद कार्मिकों ने बैठकर उनका मिलान किया। इसके बाद अपनी पार्टी के साथ बसों से रवाना हो गए।

विधानसभा क्षेत्र में 184 मतदान केंद्र तथा 487 बूथ बनाए गए हैं। यहां 1,82,251 पुरुष तथा 1,54,302 महिला एवं 12 अन्य मतदाता अपने मतदाधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदेय स्थलों पर बिजली, पानी, शौचालय, रैंप की व्यवस्था की गई है। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए व्हील चेयर उपलब्ध रहेगा।

शांतिपूर्ण माहौल में निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने विधानसभा क्षेत्र को आठ जोन व 48 सेक्टर में बांटा है। इसके लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई, जो अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहेंगे। इसके अलावा 33 माइक्रो ऑब्जर्वर एवं 15 स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अमित किशोर ने कार्मिकों को मतदान पूरी निष्पक्षता व बिना भेदभाव एवं आयोग के निर्देशों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि कोई ऐसा कार्य नहीं करें, जिससे चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो। उन्होंने कार्मिकों को निर्विघ्न व सकुशल मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

 

सेक्टर मजिस्ट्रेट व पीठासीन दिखे परेशान

उपचुनाव मतदान के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय सेक्टर व पीठासीन अधिकारी परेशान दिखे। कुछ सेक्टर मजिस्ट्रेट पोलिंग पार्टियों को जल्द रवाना करने में जुटे थे तो पीठासीन अधिकारी टीम के सदस्यों को सहेजने में जुटे थे। वहीं कुछ सहयोगी के अनुपस्थित होने पर रिजर्व सहयोगी के लिए परेशान दिखे।

महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में जमा होगी ईवीएम
देवरिया सदर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार को होगा। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां ईवीएम शहर के महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज में जमा करेंगी। ईवीएम को कॉलेज परिसर में स्थापित स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

मतदान कार्य में लगे 2144 कार्मिक
उपचुनाव के लिए मतदान कार्य में रिजर्व सहित कुल  2144 मतदान कार्मिक लगाए गए हैं। मतदान स्थल 487 के सापेक्ष 682 ईवीएम तथा  731 वीवीपैट की व्यवस्था की गई है।

49 बूथों से होगी वेब कास्टिंग
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदान की 49 बूथों पर वेब कास्टिंग होगी। इस पर निर्वाचन आयोग की नजर रहेगी। इसमें शहर के बीआरडीपीजी कॉलेज मेहड़ा पुरवां, महाराणा प्रताप पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामगुलाम टोला, सुभाष प्राथमिक विद्यालय रामगुलाम टोला, विजय ज्ञानस्थली विद्यालय रामगुलाम टोला, बीआरडी इंटर कॉलेज नई कालोनी, महारानी लक्ष्मीबाई पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार, टाउन हाल परिसर स्थित शिशु मंदिर, विवेकानंद प्राथमिक विद्यालय नया भवन राघव नगर, स्वामी दयानंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरिया खास, इंदिरा गांधी कन्या प्राथमिक विद्यालय रामनाथ देवरिया मतदान केंद्र शामिल हैं। इन स्थलों पर बिजली व्यवस्था सुदृढ़ रखने की जिम्मेदारी नगर पालिका को दी गई है। शहर के प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक नगर पालिका कर्मी की तैनाती की गई है। इसके अलावा 61 बूथों पर मतदान की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।   

 

शहर में बने 14 सेल्फी प्वाइंट

देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मंगलवार को मतदान होगा। मतदान के दौरान कुल 14  सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं। इसमें शहर के दस व ग्रामीण क्षेत्र के चार मतदान केंद्र शामिल हैं। यहां मतदान के बाद मतदाता सेल्फी लेंगे।

पिंक बूथ पर तैनात रहेंगी महिला कर्मचारी
उपचुनाव में मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय भंडा के बूथ संख्या 126 को पिंक बूथ बनाया गया है। पुरुषों से अधिक महिला मतदाता होने के कारण इसका चयन पिंक बूथ के रूप में किया गया है। यहां महिला मतदान कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसमें पीठासीन अधिकारी अर्चना सिंह, सहायक सोनम कुमार, सफाई कर्मी रीना देवी सहित चार कर्मचारी शामिल हैं। महिला कर्मचारी ईवीएम, सामग्री व आवश्यक कागजात लेकर मतदान केंद्र के लिए रवाना हुईं।  

कोविड-19 के नियमों का बूथों पर होगा पालन
उपचुनाव में मतदान स्थलों पर कोविड-19 के नियमों का पालन कराया जाएगा। इसके लिए इंतजाम किए गए हैं। बूथों पर मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई। मतदाता सहित सभी को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा। बूथों पर सैनिटाइजर, फेस शील्ड, मास्क व हैंड ग्लब्स, हैंडवाश उपलब्ध रहेगा। बिना मास्क के मतदाता वोट नहीं दे सकेंगे।

आज शाम तक बंद रहेंगी शराब की दुकानें
देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव तथा बिहार के सिवान व गोपालगंज जनपद में तीन नवंबर को मतदान होगा। इसे लेकर प्रशासन ने जिले की शराब की दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया है। ये दुकानें मतदान बाद शाम को खुलेंगी।

 
विज्ञापन

कलक्ट्रेट सभागार में कंट्रोल रूप स्थापित

उपचुनाव को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 05568-222071, 220308 एवं 222220 है। जिला निर्वाचन/जिलाधिकारी अमित किशोर ने कंट्रोल रूम में तैनात सभी कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया है। साथ ही निर्वाचन संबंधित किसी भी जानकारी, शिकायत व सुझाव के लिए कंट्रोल रूम के नंबर पर जनता संपर्क कर सकती है।  

मतदाता पहचान के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र अनुमन्य
देवरिया उपचुनाव में मतदान के लिए मतदाता पहचान के लिए वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र अनुमन्य होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अमित किशोर ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदान के समय मतदाता को अपनी पहचान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। ऐसे मतदाता जो अपना फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, उन्हें आयोग ने वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों में कोई एक दिखाने की अनुमन्यता दी है।

उन्होंने बताया कि अनुमन्य वैकल्पिक फोटो पहचान के रूप में मतदाता आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, बैंकों, डाकघरों के फोटोयुक्त पासबुक, श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर अंतर्गत आरजीआई की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड, पासपोर्ट, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज एवं राज्य व केंद्र सरकार के लोक उपक्रम, पब्लिक लिमिटेड कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को जारी किए गए फोटोयुक्त पहचान पत्र, सांसद, विधायकों, विधान परिषद सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र में से कोई एक पहचान पत्र मतदाता अपनी पहचान के लिए प्रस्तुत कर सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अमित किशोर ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व को उत्सव के रूप में लें। मतदान एक संवैधानिक व मौलिक अधिकार है, अपने इस अधिकार का अवश्य ही प्रयोग करें। वे अपने बूथों पर जाकर अवश्य ही मतदान करें, ताकि शत प्रतिशत मतदान हो, इसके लिए सभी मतदाता घरों से निकल, बूथों तक जाएं और अपने मताधिकार का प्रयोग निडर एवं निर्भीक होकर करें।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें