उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी विवाह के मांगलिक आयोजनों में बैंड-बाजा और रोड लाइट का काम करने वाले लोगों ने गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम योगी ने उन्हें बड़ी राहत दी है। कोरोना महामारी के बीच संक्रमण से बचाव के लिए निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करते हुए शादी-विवाह के आयोजनों में अब बैंड-बाजा और रोड लाइट के साथ बरात निकल सकेगी। सीएम योगी ने आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इसके लिए स्पष्ट गाइड लाइन जारी करा दी जाएगी।
राज्यमंत्री व्यापार कल्याण बोर्ड उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष पुष्पदंत जैन, उत्तर प्रदेश बैंड बरात श्रृंगार वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमार धानक, प्रदेश संयोजक सुनील जायसवाल, जिला मंत्री भाजपा गोरखपुर शंकुतला जायसवाल एवं शुभम जायसवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद महेंद्र कुमार धानक ने बताया कि उन्होंने सीएम के समक्ष अपनी समस्या रखी कि विभिन्न जिलो में जिलाधिकारी शादी विवाह में बैंड-बाजा और रोड लाइट की अनुमति यह कहते हुए नहीं दे रहे कि स्पष्ट गाइड लाइन नहीं है। जबकि सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा इसकी घोषणा की जा चुकी है।
महेंद्र कुमार धानक ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार संतोष कुमार गंगवार का पत्र भी सीएम को दिया। गंगवार ने पत्र में लिखा था कि अनलॉक-5 के अंतर्गत विवाह समारोह आदि में बैंड के प्रयोग की घोषणा की जा चुकी है परन्तु शासन द्वारा जारी गाइडलाइन में बैंड आदि के बारे में कोई दिशा-निर्देश नहीं है। इससे बैंड वालों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। महेंद्र कुमार धानक ने आश्वस्त किया कि सीएम ने शीघ्र ही बैंड बाजा और रोड लाइट के लिए गाइड लाइन जारी कराने का आश्वासन दिया।