गोरखपुर। राजघाट थाना अंतर्गत कालीबाड़ी मंदिर के निकट एक व्यापारी से शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई साढ़े नौ लाख रुपये की लूट पर व्यापारी संगठनों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लुटेरों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। कहा है कि शहर के व्यस्त बाजार में लूट की वारदात यह साबित करती है कि अपराधियों को पुलिस का भय नहीं है।
व्यापारी नेताओं ने लूट की वारदात का अविलंब खुलासा करने की मांग पुलिस के अधिकारियों से की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि लुटेरे पकड़े नहीं गए तो वह इसकी शिकायत सीएम से करेंगे। शनिवार को संयुक्त व्यापार मंडल एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ का प्रतिनिधि मंडल व्यापार मंडल संयोजक रमेश चंद्र गुप्ता तथा भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक भोला अग्रहरि के नेतृत्व में पीड़ित व्यापारी से मिला।