129 बंडल अवैध बेंत बरामद की गई।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल वन क्षेत्र के नारायणी से एसएसबी जवानों और वनकर्मियों ने संयुक्त रूप से मंगलवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे नाव सहित 129 बंडल अवैध बेंत बरामद की। जवानों और वनकर्मियों से अपने आप को घिरे देख नाव पर सवार तस्कर नदी में छलांग लगाते हुए मौके से फरार हो गए। वही वनकर्मियों ने नदी से नाव में लदी बेंत को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।
इंडो नेपाल बॉर्डर पर तैनात पथलहवा बीओपी के एसएसबी इंस्पेक्टर जोतिन सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ तस्कर घने कोहरे का फायदा उठाकर निचलौल रेंज के जंगल से बेंत की अवैध कटान कर नारायणी नदी के रास्ते नाव से नेपाल राष्ट्र की ओर ले जाने के फिराक में है। मुखबिर की सूचना के आधार पर वनकर्मियों के साथ नारायणी नदी से नेपाल की ओर जाने वाले रास्ते को नाव से घेराबंदी कर लिया गया।
इसी बीच नारायणी नदी में भारत की ओर से नेपाल की तरफ जाती एक नाव दिखी। जिसे संदिग्ध के आधार पर पकड़ने का प्रयास किया जाने लगा। वही उक्त नाव पर सवार तस्कर जवान और वनकर्मियों को अपने ओर आते देख नाव छोड़ नदी में छलांग लगाकर फरार हो गया। जबकि पकड़ी गई नाव से 129 बंडल अवैध बेंत बरामद की गई। जिसे वनकर्मियों को सूपुर्द कर दिया गया।
रेंजर दयाशंकर तिवारी का कहना है कि नारायणी नदी से एक नाव से 129 बंडल बेंत बरामद की गई है। बरामद बेंत को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। जंगलों की सुरक्षा के लिए वनकर्मियों की टीम लगी है।