राजघाट क्षेत्र के बसंतपुर निवासी महेश वर्मा, जो सराफा मंडल के पूर्व महामंत्री भी रह चुके हैं, ने पुलिस को बताया कि उनके 25 वर्षीय बेटे सिद्धांत वर्मा के मोबाइल पर शनिवार दोपहर 12:10 बजे एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि दो घंटे के भीतर, यानी 2 बजे तक तीन लाख रुपये एक प्राइवेट बैंक खाते में जमा कर दो, वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा।
सिद्धांत ने जवाब में लिखा कि यह नंबर साइबर अपराध थाना को दे रहा हूं। इसके बाद धमकी देने वाले ने फिर मैसेज भेजा कि पुलिस के पास जाओ या कहीं भी जाओ, हम दो बजे तक हम इंतजार करेंगे।
महेश वर्मा ने बताया कि 2 बजे तक कोई रकम न भेजे जाने पर उसी नंबर से दोबारा संदेश आया कि समय पूरा हो गया, अब तुम बचोगे नहीं। तुम्हारा काम तमाम कर दिया जाएगा। अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो। इस धमकी के बाद व्यापारी परिवार सहम गया और तुरंत थाने पहुंचकर तहरीर दी।
इस संबंध में राजघाट थानाध्यक्ष सदानंद सिंह ने कहा तहरीर मिली है। मोबाइल नंबर के आधार पर जांच-पड़ताल की जा रही है।