गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस से 21.800 किलोग्राम चांदी के साथ एक सर्राफ को गिरफ्तार किया है। आरोपी देवरिया जिले का रहने वाला है और चांदी लेकर कानपुर जा रहा था। उसके पास चांदी से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। मामले की जानकारी जीएसटी और आयकर विभाग को दे दी गई है। दोनों विभाग चांदी के स्रोत और उससे जुड़े अभिलेखों की जांच कर रहे हैं।
जीआरपी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे न्यू जलपाईगुड़ी-उदयपुर सिटी एक्सप्रेस गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के जनरल कोच में एक व्यक्ति दो झोलों के साथ सफर कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जीआरपी थाना प्रभारी अनुज सिंह ने उससे पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान वह व्यक्ति कोच से उतरने लगा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके दोनों झोलों से 21.800 किलोग्राम चांदी बरामद हुई।
जीआरपी के अनुसार, बरामद चांदी को गलाकर ठोस आकार में तैयार किया गया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान देवरिया जिले के आजादनगर ट्यूबेल कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है। पूछताछ में ओमप्रकाश ने बताया कि वह चांदी कानपुर लेकर जा रहा था। हालांकि वह मौके पर चांदी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। जीआरपी ने मामले की सूचना जीएसटी और आयकर विभाग को दे दी है। अब दोनों विभाग चांदी के स्रोत, उसके परिवहन और कर संबंधी दस्तावेजों की जांच करेंगे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।