देवरिया-गोरखपुर ओवरब्रिज के पास चार पहिया वाहन से बेटे की बारात में शामिल होने गोरखपुर जा रहे एक परिवार के सदस्यों को कुछ लोगों ने रोक लिया। इसके बाद वाहन से उतारकर उनके बेटे को मारने-पिटने लगे। यह देख पिता-भाई ने विरोध जताया तो उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने शादी में ले जा रहे कपड़े, गहने व अन्य सामग्री लूटने का आरोप लगाया है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों पक्षों से दो-दो युवकों को हिरासत में ले लिया। सोमवार की सुबह दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस चारों युवकों को जेल भेजने की तैयारी के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, अबूबकनगर निवासी फैजान अहमद उर्फ लाडले फारूकी के बड़े बेटे की बारात रविवार को अबूबकरनगर से निकली। बारातियों को भेजने के बाद लाडले अपने छोटे बेटे आमिर फारूकी व शाद फारूकी और अन्य परिवार के सदस्यों के साथ अंतिम में निकले। वह चार पहिया वाहन से रविवार शाम करीब पांच बजे घर से निकले। जैसे ही उनका वाहन गोरखपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचा, अचानक से तीन चार पहिया वाहन ने उनके वाहन को घेर लिया।
अभी वह कुछ समझ पाते इतने में वाहन से करीब दर्जनभर युवक निकले और पुरानी रंजिश में शादी फारूकी को वाहन से निकाल कर मारने लगे। यह देख आमिर व उसके पिता लाडले विरोध जताया तो उनकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद वाहन में शादी के लिए रखे कपड़े और गहने लेकर भाग निकले। सूचना पर सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी व कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से दोनों पक्ष के दो-दो आरोपियों को में लिया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
वहीं, मारपीट की घटना के बाद वाहनों की लाइन लग गई। करीब एक घंटे तक लोगों को जाम से जुझते रहे। इस मामले में कोतवाल वेद प्रकाश शर्मा ने एक पक्ष आमिर फारूखी व दूसरे पक्ष सैफ खां उर्फ आदिल खां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्ष से दो-दो लोग को गिरफ्तार किया गया है। जिन्हें जेल भेजा जाएगा। इसके बाद नामजद अन्य आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।