गोरखपुर शहर के बाजार की गलियारों से कब्जा हटाने के लिए बृहस्पतिवार को टाउनहॉल से शास्त्री चौक तक अतिक्रमण पर नगर निगम का बुलडोजर चला। टाउनहाल के पास बुलडोजर देख दुकानदार सकते में आ गए। देखते ही देखते दुकानों के सामने खड़ी गाड़ियां हटा ली गईं। टीम ने दुकानों के सामने रखे सामान और सड़क पर निकले शेड को हटवा दिया। होर्डिंग तोड़ दिए गए और ठेलों को भी जब्त किया गया। गलियारा खाली कराते समय कुछ दुकानदारों से टीम की नोकझोंक भी हुई, लेकिन सख्ती के साथ गलियारा खाला कराया गया। हालांकि, गोलघर के गलियारे में अभी भी अतिक्रमण बना हुआ है।