सीएम ने अयोध्या के आसपास की परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गोरखपुर राजमार्ग के कार्य में और तेजी लाई जाए। सीएम योगी ने लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, आगरा, बरेली, मेरठ में चल रही एनएचएआई की परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा कर तेजी से काम करने की हिदायत दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएचएआई के अधिकारियों को सहजनवां में फ्लाईओवर बनाने के निर्देश दिए। कहा कि इससे सहजनवां कस्बे में लोगों को जाम की समस्या से निजात मिलेगी। फ्लाईओवर को लेकर भूमि अधिग्रहण के लिए जिलाधिकारी सहयोग करेंगे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी रविवार को सर्किट हाउस में गोरखपुर-वाराणसी, सोनौली-गोरखपुर और गोरखपुर नार्थ ईस्ट बाईपास की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एनएचएआई के अफसरों से मार्च 2024 तक गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग का कार्य पूर्ण करने के साथ निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। कहा कि यदि गुणवत्ता में कोई खामी मिले तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई भी की जाए।
सीएम ने अयोध्या के आसपास की परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि गोरखपुर राजमार्ग के कार्य में और तेजी लाई जाए। सीएम योगी ने लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मथुरा, आगरा, बरेली, मेरठ में चल रही एनएचएआई की परियोजनाओं की भी गहन समीक्षा कर तेजी से काम करने की हिदायत दी। बैठक में एनएचएआई की तरफ से बताई गई कुछ परेशानियों को मुख्यमंत्री ने तत्परता से दूर करने का आश्वासन दिया।
बैठक में एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने प्रदेश में चल रही परियोजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव, कई विधायकगण, प्रमुख सचिव पीडब्लूडी अजय चौहान समेत कई अधिकारी, व्यक्ति मौजूद थे जबकि कई जिलों के अधिकारी वर्चुअल जुड़े थे।
गोरखपुर-सिलीगुड़ी और गोरखपुर-शामली राजमार्ग पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ आगामी समय में शुरू होने वाली गोरखपुर-सिलीगुड़ी और गोरखपुर-शामली राजमार्ग परियोजना के संबंध में भी चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों परियोजनाओं की विस्तृत कार्ययोजना पर प्रक्रियात्मक काम चल रहा है।