बजट से उद्यमियों को है विशेष आस।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर प्रदेश सरकार का बजट सोमवार को आएगा। बजट से शहर के उद्यमियों को काफी उम्मीदें हैं। रेडीमेड गारमेंट के क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को उम्मीद है कि बजट इस क्षेत्र के लिए बड़ा एलान हो सकता है। वहीं, दूसरे राज्यों में रेडीमेड गारमेंट संबंधी उद्योग संचालित करने वाले उद्यमी भी आशा भरी नजरों से देख रहे हैं।
लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष दीपक कारीवाल ने बताया कि जिले के कई उद्यमी विभिन्न राज्यों में रेडीमेड गारमेंट उद्योग संचालित कर रहे हैं। जब से सरकार ने रेडीमेड गारमेंट को ओडीओपी के रूप में मंजूरी दी है तब से बाहर फैक्ट्री चलाने वाले उद्यमी सब्सिडी या अन्य तरह के पैकेज की घोषणा के इंतजार में हैं।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष आरएन सिंह ने बताया कि बजट में जिले के औद्योगिक विकास के लिए कई नई घोषणाएं हो सकती हैं। सरकार ने टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की घोषणा की है, लिहाजा पार्क के लिए जमीन उपलब्ध कराने के साथ ही विभिन्न प्रकार की छूट मिल सकती है।
चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज के पूर्व अध्यक्ष एसके अग्रवाल ने बताया कि गोरखपुर कपड़ों के लिए विख्यात रहा है। मुख्यमंत्री ने टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की घोषणा करके नया आयाम देने की कोशिश की है। बजट में टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद है।