परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों एवं बच्चों की उपस्थिति को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान बीएसए ने खोराबार व ब्रह्मपुर ब्लाक के 14 परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, जहां विभिन्न कारणों से 23 शिक्षकों का वेतन रोकने के साथ ही दो खंड शिक्षाधिकारी सहित तीन प्रधानाध्यापकों को नोटिस और एक प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया ।
बीएसए ने ब्रह्मपुर ब्लाक के पूमावि करही का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी प्रधानाध्यापक संजय कुमार सिंह उपस्थिति पंजिका में अग्रिम हस्ताक्षर बनाकर गायब मिले। विद्यालय में मिडडे मील परंपरागत चूल्हे पर बनता मिला। इस गड़बड़ी पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को निलंबित किया गया। नामांकित 98 बच्चों के सापेक्ष 41 बच्चे उपस्थित मिले। सहायक अध्यापक गिरजेश शाही व शिक्षामित्र सर्वजीत लाल अनुपस्थित पाए गए। दोनों का वेतन व मानदेय रोक दिया गया।
खोराबार ब्लाक के पूमावि लक्ष्मीपुर में 130 नामांकन के साक्षेप 51 बच्चे उपस्थित मिले। लगातार अनुपस्थित रहने के बावजूद अनुदेशक ऊषा राय को मानदेय मिलने पर बीएसए ने सहायक वित्त लेखाधिकारी सर्वशिक्षा अभियान से जवाब तलब किया है। बच्चों की कम उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया गया। प्रावि कुई बुजुर्ग में नामांकन के सापेक्ष कम उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया गया है। गैरहाजिर शिक्षामित्र प्रेमशीला का मानदेय रोक दिया गया।