गोरखपुर। हत्या की कोशिश के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश सिद्धार्थ सिंह की अदालत ने खजनी थाना क्षेत्र के खोरठा निवासी अभियुक्त दुर्गविजय को दोषी करार देते हुए पांच वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। उसके खिलाफ पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। अर्थदंड अदा न करने की स्थिति में अभियुक्त को 15 दिन का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
अभियोजन पक्ष की ओर से सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता ने पैरवी करते हुए बताया कि वादिनी गुड्डी देवी अपने पति के साथ सात अगस्त 2022 को घर पर मौजूद थीं। इसी दौरान वादिनी का देवर दुर्गविजय अचानक घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। उसने जान से मारने की नीयत से बांका से वादिनी के पति के सिर पर कई वार कर दिए।
हमले में घायल व्यक्ति ने बचने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उसके हाथ में भी गंभीर चोट आई और एक उंगली कटकर अलग हो गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर अदालत में विचारण चला, जिसके बाद दोषी को सजा सुनाई गई। ब्यूरो