फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीआरडी : मौत का रहस्य सामने आने से पहले ही खराब हो गए विसरा के हजारों सैंपल

विज्ञापन
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में जार में रखा विसरा। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
- मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे हैं करीब 43 हजार विसरा के सैंपल

- बोतल में रखे ज्यादातर सैंपल हो चुके हैं खराब, नहीं हो सकी जांच
- पोस्टमार्टम हाउस के पास पांच कमरों में रखा गया है विसरा सैंपल, वर्ष 1979 से रखा जा रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पुराने पोस्टमॉर्टम हाउस में जार और झोले में रखे विसरा सैंपल में हजारों मौतों का रहस्य छिपा है। इसमें से पुराने सैंपल खराब भी हो चुके हैं। इनकी जांच भी नहीं हो सकी है। अब इनकी मौत का रहस्य भी उसी में खत्म हो गया है। इन सैंपल को इसलिए रखा गया है ताकि कभी किसी मामले में इनकी जरूरत पड़ सकती है। पोस्टमार्टम हाउस में गोरखपुर के अलावा अन्य जिलों के लोगों के भी विसरा सैंपल रखे गए हैं।
दरअसल, जिन मामलों में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होता, उसमें पोस्टमार्टम के दौरान विसरा सुरक्षित रख लिया जाता है। इसकी हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच से संबंधित की मौत की वजह समझने में मदद मिलती है। जानकारी के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में पांच कमरों में विसरा रखे गए हैं। पुराने पोस्टमार्टम हाउस में करीब 43 हजार लोगों की मौत का राज जार में कैद है। साल दर साल भले ही विसरा नमूनों की संख्या बढ़ रही है, मगर शायद ही किसी सैंपल को कभी उच्चस्तरीय प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया हो। रूटीन में विसरा को जांच के लिए नहीं भेजा जाता, मगर जहां कोर्ट केस में ऑर्डर होता है, उन्हीं सैंपल्स को जांच के लिए भेजने का प्रावधान है। मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि विसरा को सुरक्षित रखने के कई नियम कानून हैं लेकिन उनका पालन नहीं होता है।
विज्ञापन

26 दिसंबर 2023 को नीतू की मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम के बाद विसरा को सुरक्षित कर लिया गया था लेकिन अब वो सैंपल झोले में पड़ा हुआ है। इसी तरह बबलू यादव की मौत 14 दिसंबर 2024 को हुई थी। इनका विसरा भी जांच के लिए नहीं गया।



सैंपल के लगे हैं ढेर
पोस्टमार्टम हाउस में रखे विसरा सैंपल की संख्या 43 हजार पार कर चुकी है। वर्ष 1979 से ही यहां विसरा रखा जा रहा है। हर सैंपल को इस उम्मीद के साथ रखा जाता है कि आवश्यकता होगी तो उसे जांच के लिए भेजा जाएगा। मगर गिने-चुने को ही जांच के लिए भेजा जाता है। पुराने विसरा नमूनों को बेकार मान कर डिस्पोजल भी नहीं किया जा रहा है। नतीजा, यह है कि विसरा सैंपल के ढेर लग गए हैं। विसरा मामले में खास यह भी है कि इसे एकत्र करने और संरक्षित रखने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग के पास है। जबकि, इसकी जांच रिपोर्ट की जरूरत पुलिस विभाग को पड़ती है।


यह होता है विसरा

मेडिकल टर्म में विसरा पोस्टमार्टम के दौरान एकत्र किए जाने वाले बायो सैंपल को कहते हैं। सरल शब्दों में कहा जाए तो फेफड़ा, किडनी, आंत, हृदय, मस्तिष्क जैसे मानव शरीर के अंदरूनी अंगों के नमूनों के संकलन को विसरा कहते हैं। नियमानुसार पुलिस विवेचना के दौरान मौत की वजह की जांच के लिए विसरा नमूने को प्रयोगशाला भेजना चाहिए, मगर ऐसा नहीं हो पाता। जिस वजह से यह पोस्टमार्टम हाउस में बंद पड़े हैं।
विज्ञापन


एक्सपर्ट कमेंट
सही तरीके से प्रिजर्व न करने पर प्रभावित होती है जांच
फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नवनीत चौधरी के अनुसार, विसरा सैंपल बहुत संवेदनशील होता है और सही देखभाल न होने पर जल्दी खराब हो सकता है। सामान्य तापमान पर बिना किसी प्रिजर्वेटिव के रखा गया विसरा सैंपल आमतौर पर 24 से 48 घंटे में सड़ने लगता है। गर्म मौसम में यह समय और भी कम हो सकता है। यदि विसरा को एयरटाइट कंटेनर में बंद कर के लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले फ्रिज में रखा जाए, तो यह तीन से पांच दिन तक सुरक्षित रह सकता है। पोस्टमॉर्टम मामलों में जांच के लिए विसरा को सुरक्षित रखने के लिए प्रिजर्वेटिव का उपयोग किया जाता है। आमतौर पर सैचुरेटेड सॉल्ट सॉल्यूशन या अन्य निर्धारित प्रिजर्वेटिव डाले जाने पर विसरा सैंपल कई सप्ताह से लेकर कुछ महीनों तक खराब नहीं होता। विसरा को सही तरीके से प्रिजर्व न करने पर लैब जांच प्रभावित हो सकती है और रिपोर्ट गलत आने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए विसरा सैंपल को तुरंत सुरक्षित कर फॉरेंसिक लैब भेजना आवश्यक होता है।


वर्जन
मामले की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।
- डाॅ. राजेश झा, सीएमओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें