कैंपस रेड जोन घोषित होने के बाद अब मरीज के साथ केवल एक व्यक्ति को ही रहने की अनुमति मिलेगी। कोविड-19 एरिया में डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों के अलावा किसी को भी जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बीआरडी के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने बताया कि अगर कॉलेज कैंपस में कोई भी व्यक्ति बेवजह घूमता हुआ मिलता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कैंपस रेड जोन घोषित हो चुका है। ऐसे में केवल डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मी और मरीज ही कैंपस में आ-जा सकते हैं।
मेडिकल कॉलेज से चलाई जाएगी प्री-पेड टैक्सी
मेडिकल कॉलेज में इमरजेंसी में आ रहे मरीजों को किसी तरह एंबुलेंस से परिजन लेकर आ तो जा रहे हैं लेकिन इलाज के बाद उनके जाने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। मरीजों और तीमारदारों की इस परेशानी को देखते हुए डीएम ने मेडिकल कॉलेज से प्री-पेड टैक्सी चलाने का फैसला किया।
मेडिकल कॉलेज गेट के पास प्रीपेड टैक्सी बूथ बनाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस व एआरटीओ के कर्मचारी मरीजों और तीमारदारों का सहयोग करेंगे। एआरटीओ विभाग किराया निर्धारित करेगा। मरीज के तीमारदार के पास एक पर्ची, एक ड्राइवर के पास और वहां मौजूद कर्मी के पास एक पर्ची रहेगी।
डीएम और एसएसपी ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को हैंड ग्लव्स, सैनिटाइजर व मास्क उपलब्ध कराए। इस मौके पर एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ, सिटी मजिस्ट्रेट अभिनव रंजन श्रीवास्तव मौजूद रहे।