गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में अब सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में सात विभागों के लिए आठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है। डॉक्टरों के आने से लंबे समय से बंद चल रहे तीन विभागों का संचालन भी दोबारा शुरू हो सकेगा।
शुक्रवार को सुपर स्पेशियलिटी कोर्स पूरा कर चुके चिकित्सकों की बांड के तहत काउंसिलिंग का परिणाम जारी किया गया। इसमें बीआरडी मेडिकल कॉलेज को कार्डियोलॉजी समेत सात विभागों में विशेषज्ञ डॉक्टर आवंटित किए गए हैं। इनमें दो कार्डियोलॉजिस्ट के अलावा मेडिकल गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी, सर्जिकल ऑंकोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी विभाग के विशेषज्ञ शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बॉन्ड व्यवस्था के तहत सुपर स्पेशियलिटी का प्रशिक्षण प्राप्त चिकित्सकों को प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों में तैनाती दी जाती है। इसी क्रम में बीआरडी मेडिकल कॉलेज को आठ विशेषज्ञ डॉक्टर मिले हैं। उन्होंने बताया कि गैस्ट्रोइंट्रोलॉजी में डॉ. सौरव कुमार मिश्रा, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी में डॉ. अंकित कुमार, नेफ्रोलॉजी में डॉ. विनय सागर, यूरोलॉजी में डॉ. जितेंद्र यादव, न्यूरोलॉजी में डॉ. संगम सिंह और न्यूरोसर्जरी में डॉ. प्रथमेश मिश्रा की तैनाती हुई है। वहीं, कार्डियोलॉजी विभाग में डॉ. शुभम श्रीवास्तव और डॉ. संकेत रामरायका को नियुक्त किया गया है।