उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक का संतकबीरनगर की एक लड़की से पिछले दस साल से प्रेम संबंध था। युवती का दावा है कि उसने शादी करने का वादा किया था, लेकिन बीते दिनों सरकारी नौकरी मिलने के बाद उसने शादी से इनकार कर दिया। युवक के व्यवहार से परेशान युवती सोमवार को सहजनवां थाने पहुंची। पुलिस ने मामला संतकबीरनगर का बताकर लौटा दिया।
जानकारी के मुताबिक, युवती संतकबीरनगर के कोतवाली इलाके की रहने वाली है। उसका प्रेम संबंध सहजनवां थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक से था। युवती के अनुसार दोनों का प्रेम संबंध पिछले दस साल से चल रहा था।
बातचीत के दौरान कई बार मुलाकात भी हुई। युवक जल्द ही शादी करने का भरोसा देता था। इसी बीच युवक की सरकारी नौकरी लग गई। इसके बाद युवक का लहजा बदल गया। पहले उसने फोन करना बंद किया। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो इनकार कर दिया। आरोप है कि युवक ने जान से मारने की धमकी भी दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक सहजनवां संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पीड़िता के साथ घटना संतकबीरनगर जनपद में हुई है, इसका मुकदमा वहीं पंजीकृत होगा।