गोरखपुर में बृहस्पतिवार की भोर में आजमगढ़ की तरफ से पशुओं से लदा दो ट्रक बड़हलगंज के रास्ते बिहार जा रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिली तो वे सतर्क हो गए। पुलिस ने जब पीछा किया तो पटना चौराहे से आगे बुढ़नपुरा गांव के सामने सड़क पर वाहन छोड़ कर तस्कर भाग निकले।
बस को ठोकर मारकर कर भाग रहे दो ट्रकों से 38 गोवंशीय को पुलिस ने बरामद किया है। इनमें से आठ पशुओं की दम घुटने से मौत हो चुकी थी। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए ट्रक छोड़कर फरार हो गए।
विज्ञापन
बताया जाता है कि पशु तस्करों को आजमगढ़ पुलिस ने रोकने की कोशिश की थी, लेकिन तस्कर ट्रक लेकर भाग चले। कुछ दूर पीछा करने के बाद आजमगढ़ पुलिस ने बड़हलगंज पुलिस को इसकी सूचना दी।
प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर ने बताया कि बृहस्पतिवार की भोर में कस्बा स्थित पटना चौराहे पर पुलिस टीम सतर्क थी। तभी जनरथ बस को ओवरटेक कर ठोकर मारते हुए दो ट्रक देवरिया की तरफ मुड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने दोनों ट्रकों का पीछा किया।
विज्ञापन
टेढ़िया बंधे के पास दोनों ट्रकों को छोड़कर तस्कर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। ट्रक पर 38 गाय-बछड़े ठूंस ठूंसकर रखे गए थे। जिसमें 16 गाय व 22 बछड़े थे। बरामद पशुओं में छह गाय व दो बछड़ों की मौत हो चुकी थी। 30 जिंदा पशुओं को गोला बृहद गौ संरक्षण केंद्र भेज दिया गया।