पाली। सहजनवां थाना क्षेत्र के भरपही गांव में बुधवार रात नीम के पेड़ से अधेड़ का शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान भरपही गांव निवासी बुधीराम (55) के रूप में हुई है।
परिजन के अनुसार, सुबह जब बेटे प्रभु, अभिमन्यु और मनीष की नींद खुली तो उन्होंने घर के दक्षिण तरफ लगे नीम के पेड़ पर साड़ी के फंदे से पिता का शव लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहजनवां पुलिस ने शव नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधीराम को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर पत्नी और बच्चों से गाली-गलौज व मारपीट करता था जिससे परिवार परेशान रहता था। मृतक के तीन पुत्र हैं जिनमें बड़े पुत्र की शादी हो चुकी है। समधिया चौकी प्रभारी प्रीतेश तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।