ब्रह्मपुर। झंगहा थाना क्षेत्र के जंगल रसूलपुर नंबर दो के टोला सौलाभारी निवासी लक्ष्मीना देवी (70) का शव शुक्रवार सुबह गांव के पास स्थित फरेन नाले में उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची झंगहा पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया।
परिजन के अनुसार लक्ष्मीना देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं। 30 सितंबर को वह घर से अचानक लापता हो गई थीं। इसके बाद परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह नाले में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की।
परिजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव परिजन को सौंप दिया गया।