-संतकबीरनगर के धनघटा क्षेत्र में सनसनी, सिकरीगंज का था युवक
- रात में घर से निकला था युवक, सुबह नदी में मिला शव
कुईं बाजार। संतकबीरनगर, धनघटा थाना क्षेत्र के बंसवारीगांव चौकी के अंतर्गत कुआनो नदी में मंगलवार सुबह युवक का उतराता हुआ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के ढड़ीजोत निवासी 24 वर्षीय अमरेंद्र प्रताप के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों के अनुसार, अमरेंद्र प्रताप अविवाहित था और बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद घर पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसके पिता रामकृपाल ने बताया कि वह अक्सर बिना बताए रात में घर से निकल जाता था और कुछ समय बाद लौट आता था।
सोमवार रात करीब 2 बजे भी वह बिना किसी को बताए घर से चला गया था। मंगलवार सुबह उसका शव कुआनो नदी में मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक सात भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पिता कुशीनगर न्यायालय में पेशकार पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में घर पर ही रहते हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।