एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए 25 हजार
बस्ती। महिला अस्पताल में ड्यूटी करने वाली महिला होमगार्ड का एटीएम बदलकर उचक्कों ने 25 हजार रुपये निकाल लिए। एटीएम बदलने का आभास होने पर उसने बैंक को सूचित कर एटीएम लॉक कराया। कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शहर कोतवाली के प्रहलाद कॉलोनी निवासी दुर्गा प्रसाद पांडेय की पत्नी होमगार्ड हैं। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर को बेटी के साथ पीएनबी खाते के एटीएम से रकम निकालने कंपनी बाग स्थित एचडीएफसी के एटीएम पर गई थीं। रकम निकालने के लिए एटीएम पर पहुंची तो चार युवक आए गए। रकम नहीं निकली तो एक युवक ने एटीएम ने लिया और उसे साफ करने के बहाने से बदल लिया। रकम निकालने के दौरान उसने पासवर्ड भी देख लिया। इधर, पीछे खड़े युवक जल्दी रकम निकालने का दबाव बनाने लगे। थोड़ी देर बाद चारों वहां से चले गए। कुछ मिनट बाद उनकी नजर एटीएम पर गई तो पता चला कि ये किसी और का है। जब तक एटीएम को लॉक कराया जाता, तीन बार में 25 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।