गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नामांकन के बहाने शुक्रवार को भाजपा शक्ति प्रदर्शन करेगी। नामांकन से पहले महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, यूपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे। साथ ही गोरखपुर की जनता से जीत का आशीर्वाद मांगेंगे।
शहर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी योगी आदित्यनाथ, बृहस्पतिवार को तीन दिवसीय (3, 4 व 5 फरवरी) दौरे पर गोरखपुर आए हैं। गोरखपुर के नौ विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार से ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। पहले दिन ही योगी आदित्यनाथ नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री भी साथ रहेंगे। वह कलेक्ट्रेट परिसर तक जाएंगे।
नामांकन के बाद योगी सिविल लाइंस क्षेत्र के एक क्लब में आयोजित जागरूक मतदाता सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रबुद्ध सम्मेलन भी शिरकत करेंगे। भाजपा की क्षेत्रीय, जिला व महानगर इकाई ने नामांकन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महंत योगी आदित्यनाथ का नामांकन ऐतिहासिक होगा। कोरोना प्रोटोकॉल व चुनाव आयोग से निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा।
गोरखनाथ मंदिर भी जाएंगे गृृहमंत्री
केंद्रीय गृहमंत्री शुक्रवार को गोलघर क्षेत्र में घर-घर जाकर वोट भी मांग सकते हैं। वह गोरखनाथ मंदिर भी जाएंगे। गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करके विधानसभा चुनाव में जीत का आशीर्वाद मांगेंगे।
सिख समाज के मतदाताओं से संवाद भी करेंगे योगी
योगी आदित्यनाथ पांच फरवरी को सिख समाज के मतदाताओं से संवाद करेंगे। मोहद्दीपुर गुरुद्वारा के सामने जनसभा करके भाजपा के लिए वोट मांगेंगे। सिख समाज के पांच बुद्धिजीवियों के घर जाकर समर्थन देने की अपील करेंगे। इसकी तैयारियों में पुलिस, प्रशासनिक अफसर जुटे हैं।