नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में भाजपा एक बार फिर जनसंपर्क अभियान चलाएगी। इसका दूसरा चरण एक से 10 फरवरी तक चलेगा। हर भाजपा नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता 100 लोगों से संपर्क कर सीएए का फायदे गिनाएंगे। कानून की पुस्तक भी भेंट करेंगे। साथ ही मोबाइल नंबर 8866288662 पर मिस्ड कॉल करवाकर समर्थन पर मुहर लगवाएंगे।
बेनीगंज स्थित भाजपा कार्यालय में बुधवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी ने की। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि सीएए पर विपक्ष ने भ्रम फैलाया है। पहले चरण में अभियान चलाकर इसे दूर किया गया है। एक फरवरी से दूसरे चरण का अभियान शुरू किया जाएगा। भाजपा की केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 व 35 ए, तीन तलाक जैसे मुद्दों का समाधान किया। अयोध्या में राम मंदिर भी बनने वाला है। सीएए देश, समाज हित में है। महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि नया कानून नागरिकता प्रदान करने वाला है।
इससे किसी धर्म, जाति के लोगों की नागरिकता नहीं जाएगी। यह सब जानते भी हैं लेकिन विपक्ष की जाल में फंसकर सब भूल जाते हैं। इससे पहले प्रदेश उपाध्यक्ष ने भाजपा पार्षदों के साथ बैठक की और सीएए पर जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की।
इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव, डॉ. सत्या पांडेय, विश्वजितांशु सिंह आशु, विनोद पांडेय, डॉ. सत्येंद्र सिन्हा, प्रदीप शुक्ला, देवेंद्र पाल, अच्युतानंद शाही, राजीव रंजन अग्रवाल, वीरेंद्र भारती, बृजेशराम त्रिपाठी, बृजेशमणि मिश्र, नगर निगम के उपसभापति अजय राय, डॉ. गिरिजेश दत्त पांडेय और डॉ. शोभित श्रीवास्तव मौजूद रहे।